देश की खबरें | तमिलनाडु बस हादसा: मृतक संख्या बढ़कर चार हुई, मुख्यमंत्री ने मुआवजे की घोषणा की

चेन्नई, 19 जुलाई तमिलनाडु के कडलूर जिले में सोमवार को दो निजी बस की आमने-सामने की टक्कर होने की घटना में मारे गए लोगों की संख्या बढ़कर चार हो गई।

राज्य के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने इस दुर्घटना में अपने प्रियजन को खोने वाले परिवारों को दो-दो लाख रुपए दिए जाने की घोषणा की।

कडलूर जिले में पनरुट्टि के मेलपट्टाम्बाक्कम में हुए इस हादसे में दोनों वाहनों के आगे के हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि कडलूर जा रही एक बस का आगे का बायां टायर मेलपट्टाम्बाक्कम में फट गया था, जिसके कारण चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया तथा बस तिरुवन्नामलाई जा रही एक अन्य बस से टकरा गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ यात्री अपनी सीट से गिर गए। इस हादसे के तत्काल बाद आम नागरिकों और पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

पुलिस ने बताया कि कडलूर जा रही बस के चालक अंगलामणि और तिरुवन्नामलाई जा रही बस के चालक मुरुगन तथा दो अन्य यात्रियों की मौत हो गई और करीब 28 लोग घायल हो गए।

मुख्यमंत्री ने नेल्लीकुप्पम पुलिस क्षेत्र में हुई दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया।

स्टालिन ने यहां एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘जैसे ही मैंने दुर्घटना के बारे में सुना, मैंने फोन पर जिलाधिकारी से संपर्क किया और उनसे घटनास्थल का दौरा करने तथा घायलों का इलाज सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।’’

उन्होंने कृषि मंत्री एम आर के पनीरसेल्वम और श्रम मंत्री सी वी गणेशन को व्यक्तिगत रूप से अस्पताल का दौरा करने और घायलों का विशेष उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री जन राहत कोष से मृतकों के परिवारों को दो-दो लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को पचास-पचास हजार रुपये देने का निर्देश दिया। दुर्घटना में मामूली रूप से घायल हुए लोगों को 25-25 हजार रुपये दिए जाएंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)