देश की खबरें | गंगानगर जिले के सीमावर्ती इलाके में मिला संदिग्ध ड्रोन: पुलिस

जयपुर, 15 मई गंगानगर जिले के अनूपगढ़ इलाके में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास बृहस्पतिवार सुबह एक संदिग्ध ड्रोन मिला। इसकी सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस व सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) मौके पर पहुंची।

मिली जानकारी के अनुसार सीमातर्वी गांव, गांव 12ए के एक खेत में सुबह करीब 9:45 बजे ग्रामीणों ने ड्रोन नुमा चीज देखी तो तुरंत स्थानीय अधिकारियों को सूचित किया।

अनूपगढ़ के थानाधिकारी ईश्वर जांगिड़ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बीएसएफ को सूचना दी। संदिग्ध ड्रोन 5 से 7 फुट लंबा था जिसका कैमरा मॉड्यूल टूटा हुआ और अलग था।

जांगिड़ ने कहा, "संदिग्ध ड्रोन को जब्त कर लिया गया है। इलाके की खोजबीन की जा रही है। एहतियात के तौर पर बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया गया है।"

उन्होंने कहा कि ड्रोन को फोरेंसिक और तकनीकी विश्लेषण के लिए भेजा जाएगा ताकि उसके बारे में पता लगाया जा सके।

रक्षा सूत्रों ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर रणनीतिक महत्व को देखते हुए वहां ड्रोन नुमा चीज मिलना गंभीर है। इस बात का पता लगाया जा रहा है कि ड्रोन सीमा पार से भेजा गया था या फिर यह किसी सैन्य गतिविधि के दौरान भटक गया।

उन्होंने कहा, "भारत और पाकिस्तान के बीच हालिया तनाव को देखते हुए सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बल पहले से ही 'अलर्ट' हैं। सीमा के पास ऐसी वस्तु की मौजूदगी चिंता का विषय है।"

बीएसएफ के जवान और पुलिस इलाके में सतर्कता बरत रहे हैं और तकनीकी मूल्यांकन के बाद ही ड्रोन के बारे में और अधिक जानकारी मिल सकेगी।

पृथ्वी

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)