मुंबई, छह अगस्त अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती के खिलाफ जांच के सिलसिले में यहां आए बिहार के आईपीएस अधिकारी विनय तिवारी पृथकवास के कारण यहीं फंसे हुए हैं।
एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अगर नगर निकाय के अधिकारी उन्हें जल्दी जाने की अनुमति दें तो वह वापस लौट सकते हैं।
इस बीच, बिहार के चार अन्य पुलिस अधिकारी पहले ही मुंबई से रवाना हो चुके हैं।
मध्य पटना के नगर पुलिस अधीक्षक तिवारी रविवार को यहां पहुंचे थे। वह अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या के संबंध में उनके पिता द्वारा दर्ज शिकायत की बिहार की एक पुलिस टीम द्वारा की जा रही जांच की निगरानी के लिए यहां आए थे।
यह भी पढ़े | CLAT 2020 Postponed Again: कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट को एक बार अनिश्चित काल के लिए किया गया स्थगित.
बृहन्मुंबई नगर निगम के अधिकारियों ने उन्हें गोरेगांव में एक गेस्ट हाउस में पृथकवास में भेज दिया और उन्हें कोरोना वायरस संबंधित दिशानिर्देशों के अनुसार 15 अगस्त तक पृथकवास में रहने को कहा।
निगम के एक अधिकारी ने कहा अगर तिवारी जल्दी लौटना चाहते हैं तो उन्हें इसके लिए सक्षम प्राधिकार से अनुरोध करना होगा। उसके बाद उचित निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभी तक तिवारी ने कोई आवेदन नहीं किया है।
बिहार पुलिस की चार सदस्यीय टीम मामले में साक्ष्य एकत्र करने और बयान दर्ज करने के बाद बृहस्पतिवार को मुंबई से रवाना हो गयी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY