देश की खबरें | न्यायपालिका में भरोसा कायम रखने के लिए सख्त कदम उठाए उच्चतम न्यायालय: कांग्रेस

नयी दिल्ली, 22 मार्च कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि दिल्ली उच्च न्यायालय के एक न्यायाधीश के आवास से नकदी मिलने की कथित घटना ने गंभीर चिंता पैदा कर दी है और ऐसे में उच्चतम न्यायालय को न्यायपालिका में लोगों का भरोसा कायम रखने के लिए सख्त कदम उठाने चाहिए।

मुख्य विपक्षी दल ने यह भी कहा कि सिर्फ इस घटना के चलते कार्यपालिका को उच्च न्यायालयों में न्यायिक नियुक्तियों को नियंत्रित करने का अधिकार नहीं मिलना चाहिए।

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि इस घटना ने कानूनी बिरादरी सहित पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है।

वेणुगोपाल ने कहा कि देश मजबूत कदमों के लिए उच्चतम न्यायालय की ओर देख रहा है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, "उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के आवास से भारी भरकम नकदी बरामद होने की कथित घटना ने देश को झकझोर कर रख दिया है। न्यायपालिका न्याय का अंतिम बिंदु है। जब यहां विश्वास खत्म हो जाता है, तो नागरिक कहां जाएं?"

उन्होंने कहा कि न्यायाधीश के आवास से मिले पैसे को छुपाने और उसे पूरी तरह नकारने की खबरें और भी परेशान करने वाली हैं। वेणुगोपाल ने कहा कि देश इस घटना के बारे में सभी संशय को दूर करने के लिए शीर्ष अदालत की ओर देख रहा है और उसे सख्त कदम उठाने चाहिए।

कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि शीर्ष अदालत को न्यायिक जवाबदेही को लेकर जवाब तलाशना होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)