नयी दिल्ली, 25 अगस्त भारती एंटरप्राइजेज के संस्थापक एवं चेयरपर्सन सुनील भारती मित्तल ने शुक्रवार को सुरक्षा मानकों पर दिल्ली की लागोस से तुलना करने वाले एक प्रतिभागी का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि दिल्ली एक सुरक्षित स्थान है और यहां अरबों डॉलर का निवेश हो रहा है।
यह घटना उस समय हुई, जब मित्तल ने यहां बी20 शिखर सम्मेलन में एक परिचर्चा के दौरान तोलाराम कॉरपोरेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी साजन असवानी से अफ्रीका में व्यक्तिगत सुरक्षा को लेकर उनकी राय पूछी।
असवानी ने जवाब में एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एक बार उन्होंने दिल्ली की एक युवा महिला का साक्षात्कार लिया, जो लागोस में नौकरी खोज रही थी।
उन्होंने आगे कहा, ''साक्षात्कार के दौरान, मैंने लड़की से पूछा, 'तुम काबिल हो, लेकिन क्या तुम नाइजीरिया आ सकती हो? तुम्हें पूरा भरोसा है?' इस पर उसने कहा, 'सर, क्या आप मजाक कर रहे हैं? मैं दिल्ली में रहती हूं।''
उन्होंने कहा, ''यह उसका जवाब था। और मुझे यह जानकर हैरानी हुई कि वह सोचती थी कि लागोस दिल्ली की तुलना में अधिक सुरक्षित है। इसलिए सुरक्षा का मुद्दा बढ़ा-चढ़ा कर पेश किया गया है।''
मित्तल ने असवानी की इस टिप्पणी से असहमति जताते हुए कहा कि अफ्रीका को शासन, भ्रष्टाचार-मुक्त वातावरण और लोगों को सुरक्षा देने के मुद्दे पर एक मजबूत संदेश देने की जरूरत है।
उन्होंने कहा, ''मैं हल्के-फुल्के अंदाज में यह कहूंगा कि वह लड़की नौकरी पाने के लिए बहुत बेताब रही होगी और इसलिए उसने कहा होगा कि वह दिल्ली की तुलना में लागोस में अधिक सुरक्षित रहेगी। मैं इसका समर्थन नहीं करूंगा।''
मित्तल ने कहा कि दिल्ली आजकल बेहद सुरक्षित है, और यहां अरबों-खरबों डॉलर का निवेश किया जा रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY