देश की खबरें | रविवार को पता चलेगा कर्नाटक विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष कौन होगा : बोम्मई

बेंगलुरु/चिक्कमगलुरु, एक जुलाई कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता बसवराज बोम्मई ने कहा कि रविवार तक पता चल जाएगा कि राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष कौन होगा।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, तीन जुलाई से शुरू हो रहे विधानमंडल सत्र से पहले अपने नेता का चुनाव करने के लिए रविवार को भाजपा विधायक दल की बैठक होने की संभावना है।

नेता प्रतिपक्ष कौन होगा, इस सवाल के जवाब में बोम्मई ने शनिवार को चिक्कमगलुरु में संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह निश्चित रूप से कल शाम को पता चल जाएगा।’’

भाजपा सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं कर्नाटक के प्रभारी अरुण सिंह पहले ही नवनिर्वाचित विधायकों की राय ले चुके हैं और इसके आधार पर और भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ विचार-विमर्श के नतीजों के आधार पर नए नेता का चयन किए जाने की संभावना है।

बोम्मई और पूर्व केंद्रीय मंत्री बसनगौड़ा पाटिल यतनाल इस पद के लिए सबसे आगे बताए जा रहे हैं।

भाजपा द्वारा नेता प्रतिपक्ष के चुनाव में देरी को लेकर सत्तारूढ़ कांग्रेस समेत कई हलकों से सवाल उठाए गए हैं। इसके अलावा नियुक्ति में देरी के लिए भाजपा में मजबूत या सक्षम चेहरे की कमी और अंदरूनी कलह का आरोप लगाते हुए भी आलोचनाएं हुई हैं।

हालांकि, बोम्मई सहित भाजपा के कई नेताओं ने यह कहते हुए पलटवार किया था कि नेता प्रतिपक्ष को विधानसभा के पूर्ण सत्र से पहले चुना जाएगा, जैसा कि परंपरा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)