देश की खबरें | सत्यपाल मलिक को तलब करना सच बोलने वालों को चुप रहने का संदेश : कांग्रेस

नयी दिल्ली, 22 अप्रैल कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा समन भेजे जाने को लेकर शनिवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि इसका मकसद उन्हें तथा सच बोलने सभी लोगों को चुप रहने का संदेश देना है।

कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि हालांकि, समन आश्चर्यजनक नहीं है, लेकिन आश्चर्य की बात यह है कि राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित प्रासंगिक और महत्वपूर्ण सवाल उठाने के 10 दिन बाद ‘प्रतिशोधी’ कदम उठाया गया।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “हम नहीं जानते कि प्रधानमंत्री को 10 दिन क्यों लग गए। आमतौर पर वह अपने आलोचकों को चुप कराने में बहुत तेजी दिखाते हैं। सत्यपाल मलिक ने क्या किया? उन्होंने कुछ बहुत ही प्रासंगिक, बहुत ही महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे... राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित।”

अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि सीबीआई ने मलिक से केंद्र-शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में कथित बीमा घोटाले के सिलसिले में कुछ सवालों के जवाब मांगे हैं।

सात महीने में यह दूसरी बार है, जब सीबीआई मलिक से पूछताछ करेगी। बिहार, जम्मू-कश्मीर, गोवा और मेघालय में राज्यपाल के रूप में उनकी जिम्मेदारी पूरी होने के बाद पिछले साल अक्टूबर में उनसे पूछताछ की गई थी।

खेड़ा ने कहा कि मलिक ने फोन पर कहा था कि 14 फरवरी, 2019 को पुलवामा आतंकवादी हमला सुरक्षा चूक के कारण हुआ, “लेकिन प्रधानमंत्री ने उन्हें चुप रहने के लिए कहा।”

खेड़ा ने कहा, “सत्यपाल मलिक को कल सीबीआई का समन उसी सलाह का हिस्सा है, जो प्रधानमंत्री ने 14 फरवरी, 2019 की शाम को उन्हें दी थी। श्री सत्यपाल मलिक को इस बार चुप रहने के लिए कहा जा रहा है, हालांकि संदेश सीबीआई के जरिये दिया जा रहा है। यह संदेश केवल उन्हें ही नहीं, बल्कि सच बोलने वाले सभी लोगों को दिया जा रहा है।”

कांग्रेस नेता ने कहा, “हम नहीं जानते कि श्री राम माधव को सीबीआई ने तलब किया है या नहीं”, जिन पर मलिक ने भ्रष्टाचार में शामिल होने का आरोप लगाया था।

माधव अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को यह कहते हुए खारिज कर चुके हैं कि वह जल्द ही मानहानि का मामला दायर करेंगे।

वहीं, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सीबीआई प्रमुख को भेजा अपना पत्र साझा किया, जिसमें कहा गया है कि मेघालय विधानसभा चुनाव से पहले राज्य सरकार को ‘सबसे भ्रष्ट’ बताए जाने को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को तलब किया जाना चाहिए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)