तिरुवनंतपुरम, 15 जून कांग्रेस की केरल इकाई के अध्यक्ष के सुधाकरन ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि भाजपा शासित उत्तर प्रदेश में अवैध धर्मांतरण से जुड़े अपराधों में खासकर केरल के ईसाइयों को झूठे तरीके से आरोपी बनाया गया है।
लोकसभा में कन्नूर निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा और उनसे उत्तर प्रदेश में ईसाइयों की ‘अनुचित गिरफ्तारी’ के मुद्दे का समाधान करने के लिए तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की।
अपने पत्र में सुधाकरन ने पार्टी नेता अनिल थॉमस द्वारा प्रदेश कांग्रेस (केरल) को सौंपी गयी तथ्यान्वेषी रिपोर्ट का हवाला दिया है। उनके अनुसार इस रिपोर्ट में पाया गया है कि उत्तर प्रदेश में अवैध धर्मांतरण एवं अन्य ऐसे ही आरोपों के सिलसिले में बड़ी संख्या में खासकर केरल के ईसाइयों को झूठे तरीके से आरोपी बनाया गया है।
सुधाकरन ने कहा, ‘‘ ये लोग उत्तर प्रदेश में समाज सेवा एवं परमार्थ कार्य के प्रति समर्पित हैं और उन्होंने वहां अस्पताल, विद्यालय एवं महाविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थान स्थापित किये हैं। ये संस्थान अलाभकारी आधार पर चलते हैं तथा स्थानीय लोगों को अमूल्य सेवाएं प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में उत्तर प्रदेश में सत्ता में भाजपा के आने के बाद से इन संस्थानों और उनके सदस्यों के सामने ‘दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति’ उत्पन्न हो जाने का जिक्र है।
उन्होंने कहा, ‘‘ उत्पीड़न, जबरन सूली, दुर्भावनापूर्ण कानूनी कार्रवाई, शारीरिक हमले, तोड़फोड़ जैसी घटनाएं बहुत बढ़ गयी हैं। रिपोर्ट बताती है कि संघ परिवार के संगठनों से जुड़े कट्टरपंथी तत्व गिरजाघरों एवं संबंधित ढांचों समेत इन संस्थानों पर नियंत्रण एवं स्वामित्व हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं।’’
वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया, ‘‘ इन संगठनों से संबंध रखने वाले स्थानीय नेता ईसाई अल्पसंख्यक समुदाय को डराने-धमकाने के लिए अपने राजनीतिक प्रभाव का कथित रूप से इस्तेमाल कर रहे हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY