रायपुर, 24 अप्रैल नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार चौहान ने कहा है कि छात्र सामाजिक चुनौतियों के समाधान खोजने के लिए आधुनिक और पारंपरिक ज्ञान का उपयोग करें।
भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) रायपुर के 12वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए चौहान ने कोविड महामारी के दौरान भारत के कार्यों और उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला।
चौहान ने कहा ''प्राचीन भारत में हमारे पास नालंदा और तक्षशिला जैसे विश्वविद्यालय थे, जिन्होंने स्वयं को शैक्षिक उत्कृष्टता के अंतरराष्ट्रीय केंद्रों के रूप में स्थापित किया था। जहां दुनिया भर के छात्र सीखने के लिए आते थे। भारतीयों ने पीढ़ी दर पीढ़ी पारंपरिक ज्ञान की समृद्ध विरासत संचित की है। हमने दूसरी संस्कृतियों से भी सीखा है।''
उन्होंने कहा, ''मैं स्नातक करने वाले छात्रों को हमारी सामाजिक चुनौतियों के समाधान तक पहुंचने के लिए आधुनिक और पारंपरिक ज्ञान दोनों का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करूंगा।''
उन्होंने कहा कि बुद्धिमान, योग्य और पेशेवर रूप से प्रतिबद्ध कार्यबल के उत्कृष्ट योगदान से ही देश का विकास हो सकता है।
कोविड महामारी के दौरान भारत के कार्यों की सराहना करते हुए एनएसई प्रमुख ने कहा, ''कोविड के दौरान भयानक भविष्यवाणियों के बावजूद, भारत ने उन कई अन्य देशों की तुलना में अच्छा प्रदर्शन किया, जिनकी प्रति व्यक्ति जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) अधिक थी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘उसी अवधि के दौरान हमें अपने पड़ोसी (चीन की ओर इशारा करते हुए) द्वारा पूर्वोत्तर सीमा पर एक छोटे और अनावश्यक आक्रमण से लड़ना पड़ा।’’
चौहान ने कहा कि हमें महामारी के दौरान दवा, टीके और मुफ्त राशन सहित सभी सुविधाएं प्रदान करने के लिए अपनी सरकार का आभारी होना चाहिए।
उन्होंने भारत को 'आत्मनिर्भर भारत' बनाने की दिशा में उठाए गए कदमों के बारे में भी बात की और छात्रों से विचारों, शब्दों और कर्मों में इसे आत्मसात करने का आग्रह किया।
इस दौरान भारतीय प्रबंधन संस्थान, रायपुर के प्रबंध मंडल की अध्यक्ष श्यामला गोपीनाथ ने छात्रों को बधाई दी और कहा कि वह प्रभावशाली कार्य नीति अपनाएं।
उन्होंने छात्रों से एक ऐसा सकारात्मक और स्वस्थ कार्य वातावरण बनाने में योगदान देने का आग्रह किया जहां अलग-अलग प्रकार की सोच और विचारों को स्वीकार किया जाता है तथा उनका स्वागत किया जाता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY