देश की खबरें | मणिपुर विश्वविद्यालय के छात्रों ने अधिकारियों से किसी अन्य शिक्षण संस्थान में स्थानांतरित करने की मांग की

नयी दिल्ली, 22 जुलाई मणिपुर विश्वविद्यालय के छात्रों के एक समूह ने अधिकारियों को पत्र लिखकर मांग की है कि उत्तर पूर्वी राज्य में मौजूदा स्थिति के कारण उन्हें अन्य केंद्रीय विश्वविद्यालयों में स्थानांतरित किया जाए। कांग्रेस की दिल्ली इकाई के प्रमुख अनिल कुमार ने शनिवार को यह जानकारी दी।

दिल्ली में रह रहे और देश के विभिन्न हिस्सों से आए 99 छात्रों के समूह ने शनिवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष से मुलाकात की और अपनी चिंताओं से उन्हें अवगत कराया।

कुमार ने कहा, ‘‘99 छात्रों के एक समूह ने अधिकारियों को एक पत्र लिखा है, जिसमें उन्हें अन्य केंद्रीय विश्वविद्यालयों में स्थानांतरित करने की मांग की गई है। उन्होंने यह पत्र इसलिए लिखा है कि मणिपुर की स्थिति में जल्द सुधार नहीं होने वाला है।’’

छात्रों ने कहा कि उनके माता-पिता उन्हें वापस भेजने के इच्छुक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि वहां इंटरनेट भी उपलब्ध नहीं है। इस कारण वे पढ़ाई के लिए ऑनलाइन माध्यम का विकल्प नहीं चुन सकते हैं।

मणिपुर में तीन मई से बहुसंख्यक मेइती समुदाय और आदिवासी कुकी समुदाय के बीच जातीय झड़पें हो रही हैं।

मई की शुरुआत में राज्य में जातीय हिंसा भड़कने के बाद से अब तक 160 से अधिक लोगों की जान चली गई है, और कई लोग घायल हुए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)