नयी दिल्ली, 24 नवंबर दिल्ली सरकार के दो स्कूलों के छात्रों को ‘सेंटर फॉर स्टूडेंट आंट्रप्रनर’ द्वारा आयोजित 'यूथ आइडियाथॉन' में उनके नवोन्मेषी उत्पादों के लिए एक लाख रुपये का अनुदान मिला है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
सूरजमल विहार में स्थित राजकीय प्रतिभा विकास विद्यालय और रोहिणी सेक्टर-11 में स्थित बीआर अंबेडकर स्कूल ऑफ स्पेशलाइज्ड एक्सीलेंस के छात्र इस कार्यक्रम में शीर्ष 10 में शामिल रहे। कार्यक्रम में भारत और विदेश के स्कूलों के लगभग 1.5 लाख छात्रों ने भाग लिया था।
दिल्ली सरकार ने एक बयान में कहा, “सूरजमल विहार में स्थित राजकीय प्रतिभा विकास विद्यालय की पहली टीम स्कूलों में क्यूआर-आधारित स्मार्ट उपस्थिति प्रणाली 'ट्रानक्यूआर' पर काम कर रही है, जो मैनुअल रजिस्टरों की जगह ले सकती है। बीआर अंबेडकर स्कूल ऑफ स्पेशलाइज्ड एक्सीलेंस, सेक्टर 11-रोहिणी की "टीम अहिल्या' ने दिव्यांग (दृष्टि बाधित, श्रवण बाधित और ऑटिस्टिक बच्चे) के लिए एक ऐप प्रोटोटाइप बनाया है, जो उन्हें परिवेश का पता लगाने और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सीखने में मदद कर सकता है।”
बयान में कहा गया है, ”टीम 'ट्रानक्यूआर' और 'अहिल्या' को भारत और विदेश के स्कूलों के शीर्ष 10 छात्र स्टार्टअप में चुना गया है।”
दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी ने छात्रों की सराहना करते हुए कहा कि 'युवा उद्यमियों' ने दिखाया है कि दिल्ली के सरकारी स्कूलों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने भविष्य के लिए उद्यमियों को तैयार करने के इरादे से अपने स्कूलों में 'बिजनेस ब्लास्टर्स' जैसे कार्यक्रम शुरू किए हैं।
उन्होंने कहा, "दिल्ली सरकार के स्कूलों के छात्रों ने इस चुनौती में विश्व स्तर के कुछ सबसे प्रमुख निजी स्कूलों के छात्रों को पीछे छोड़ दिया है।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY