नयी दिल्ली, नौ मार्च यूक्रेन के सूमी शहर से सुरक्षित निकाले गए भारतीय छात्रों को एक ट्रेन से पोलैंड ले जाया जा रहा है जहां से उन्हें विमान के जरिए भारत वापस लाया जाएगा। ये छात्र बृहस्पतिवार को स्वदेश रवाना हो सकते हैं।
लगभग 600 छात्रों को इससे पहले मध्य यूक्रेन के पोल्तावा शहर से एक ट्रेन के जरिए पश्चिमी यूक्रेनी शहर ल्वीव लाया गया।
छात्रों को अब पोलैंड ले जाया जा रहा है जहां से उन्हें भारत वापस लाया जाएगा।
यूक्रेन में भारतीय राजदूत पार्थ सत्पथी ने ल्वीव रेलवे स्टेशन पर 600 छात्रों के साथ विशेष ट्रेन को झंडी दिखाकर रवाना किया।
युद्धग्रस्त देश यूक्रेन में स्थित भारतीय दूतावास ने बुधवार को एक ट्वीट में कहा, "राजदूत ने ल्वीव रेलवे स्टेशन पर सूमी विश्वविद्यालय के 600 भारतीय छात्रों के साथ विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। वे पोलैंड की यात्रा करेंगे और कल उनके भारत के लिए निकासी उड़ानों में सवार होने की उम्मीद है। सुरक्षित रहें, हिम्मत रखें।"
इससे पहले, दूतावास ने पोल्तोवा से ल्वीव की यात्रा करने वाले छात्रों की तस्वीरें ट्वीट कीं।
इसने कहा, "यूक्रेनी अधिकारियों की सहायता से विशेष ट्रेन में सूमी के भारतीय छात्र सवार हैं। मिशन पश्चिम की ओर उनकी यात्रा को सुविधाजनक बनाना जारी रखेगा। अपने छात्रों को सुरक्षित वापस लाना हमारी प्राथमिकता है।"
ल्वीव पश्चिमी यूक्रेन स्थित एक शहर है, जो पोलैंड की सीमा से लगभग 70 किलोमीटर दूर है।
आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि तीन अलग-अलग भारतीय टीम उत्तर-पूर्वी यूक्रेन के सूमी शहर से भारतीय छात्रों को निकालने में शामिल थीं।
सोशल मीडिया पर कई वीडियो दिखाई दिए जिनमें छात्र हाथों में तिरंगा थामे और ‘भारत माता की जय’ जैसे नारे लगाते दिखाई देते हैं।
भारत सरकार यूक्रेन में फंसे भारतीयों को सुरक्षित निकालने के लिए ‘ऑपरेशन गंगा’ के तहत सबसे चुनौतीपूर्ण निकासी कवायद को अंजाम दे रही है। निकासी अभियान 26 फरवरी को शुरू किया गया था।
सूमी में निकासी अभियान मंगलवार सुबह शुरू हुआ जिसमें 600 भारतीयों के आखिरी बड़े समूह को शहर से निकाला गया।
छात्र समन्वयक अनशद अली ने बताया कि भारतीय नागरिकों को अंतरराष्ट्रीय रेडक्रॉस समिति द्वारा 13 बसों के काफिले में सूमी से पोल्तावा ले जाया गया।
छात्र युद्ध प्रभावित क्षेत्र से बचने के लिए एक कठिन यात्रा कर रहे हैं। सूमी से उन्हें निकालने का यह दूसरा प्रयास है, जो पिछले महीने यूक्रेन पर रूस का आक्रमण शुरू होने के बाद से भारी गोलाबारी का सामना कर रहा है।
ट्रेन में सवार 25 वर्षीय मेडिकल छात्रा जिसना जिजी ने पीटीआई- से कहा कि उन्हें और अन्य छात्रों को सूमी से बाहर आने के बाद राहत मिली है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY