देश की खबरें | भारत की जी20 अध्यक्षता का पुरजोर समर्थन करते हैं : ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री

नयी दिल्ली, 27 फरवरी अपनी भारत यात्रा से पहले ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग ने सोमवार को कहा कि कैनबरा इस साल के अंत में क्वाड नेताओं की बैठक के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मेजबानी करने के लिए उत्सुक है।

वोंग जी20 के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के साथ-साथ भू-राजनीतिक और भू-अर्थशास्त्र पर भारत के प्रमुख सम्मेलन ‘रायसीना संवाद’ में भाग लेने के लिए एक और दो मार्च को दिल्ली में होंगी।

ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री ने कहा कि कैनबरा भारत की जी20 अध्यक्षता का “दृढ़ता से समर्थन” करता है और “एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य” विषय के तहत समूह के लिए उसके महत्वाकांक्षी, कार्रवाई-उन्मुख एजेंडे का स्वागत करता है।

वोंग ने एक बयान में कहा, “विदेश मंत्री के रूप में यह मेरी पहली भारत यात्रा होगी और मैं नई दिल्ली में जी20 विदेश मंत्रियों की बैठक में अपने समकक्षों से मिलने के लिए उत्सुक हूं।”

व्यापार, निवेश और महत्वपूर्ण खनिजों सहित कई क्षेत्रों में समग्र द्विपक्षीय जुड़ाव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज भी अगले महीने की शुरुआत में भारत की अपनी पहली यात्रा करने के लिए तैयार हैं।

वोंग ने कहा, “प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज, व्यापार और पर्यटन मंत्री डॉन फैरेल और संसाधन मंत्री मेडेलीन किंग अगले महीने भारत की यात्रा करेंगे, और इस साल के अंत में, ऑस्ट्रेलिया क्वाड नेताओं की बैठक में भाग लेने पर भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मेजबानी करने के लिए उत्सुक है।”

चार देशों के गठबंधन के सदस्य देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में समग्र सहयोग की समीक्षा के लिए ऑस्ट्रेलिया इस साल बाद में क्वाड नेताओं के शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने वाला है।

भारत और ऑस्ट्रेलिया के अलावा अमेरिका व जापान भी इस समूह का हिस्सा हैं।

क्वाड का पिछला शिखर सम्मेलन मई 2022 में तोक्यो में हुआ था।

वोंग ने कहा, “ऑस्ट्रेलिया दृढ़ता से भारत की जी20 अध्यक्षता का समर्थन करता है और 'एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य' विषय के तहत भारत के महत्वाकांक्षी, कार्रवाई-उन्मुख जी20 एजेंडे का स्वागत करता है।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)