देश की खबरें | लोगों में विश्वास बहाली के लिए सख्त कार्रवाई की जरूरत: मणिपुर की घटना पर केरल के राज्यपाल

नयी दिल्ली, 28 जुलाई मणिपुर की दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने के वीडियो पर देश में रोष के बीच केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने शुक्रवार को कहा कि लोगों में विश्वास पैदा करने के लिए दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई करने की जरूरत है।

यहां राज्यसभा के पूर्व सदस्य बलबीर पुंज की किताब ‘नैरेटिव का मायाजाल’ के विमोचन के बाद जब उनसे मणिपुर की घटनाओं के बारे में पूछा गया तो उन्होंने यह टिप्पणी की।

राज्य में चार मई की घटना के संदर्भ में खान ने कहा, ‘‘सिर्फ मणिपुर में ही नहीं, कहीं भी, अगर कानून तोड़ा जाता है, खासकर अगर महिलाओं के साथ कुछ घटनाएं होती हैं, तो यह शर्मनाक के अलावा कुछ नहीं हो सकता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन असली परीक्षा यह है...घटनाएं होती हैं, लेकिन असली परीक्षा यह है कि अपराधियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।’’

महिलाओं के उत्पीड़न का वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हुआ था। खान ने कहा, ‘‘अपराधियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई हो रही है या नहीं, यही मुख्य बात है...ताकि लोगों में विश्वास पैदा हो। ऐसा तब होता है जब आप अपनी एजेंसियों को काम करने देते हैं, और मुझे लगता है कि ऐसा हो रहा है।’’

मणिपुर में तीन मई को शुरू हुई जातीय हिंसा में अब तक 160 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)