देश की खबरें | बिहार में धार्मिक जुलूस पर पथराव नूंह की घटना के समान: गिरिराज सिंह

नयी दिल्ली, 22 अगस्त केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह ने हरियाणा के नूंह में 31 जुलाई को हुई हिंसा की तुलना सोमवार को बिहार में एक धार्मिक जुलूस पर पथराव की घटना से की।

सिंह ने मंगलवार को बिहार के मोतिहारी में नागपंचमी पर एक शोभायात्रा पर पथराव की खबरों का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘बिहार में एक धार्मिक शोभायात्रा पर उसी तरह पथराव किया गया, जिस तरह नूंह में किया गया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ कह रहा है कि मोदीजी ने विवाद पैदा कराया है। यह कांग्रेस की तुष्टीकरण की राजनीति ही है जिसने अतीत में नफरत पैदा की है।’’

विश्व हिंदू परिषद की बृजमंडल यात्रा के दौरान 31 जुलाई को नूंह में भीड़ द्वारा किए गए पथराव के बाद हुई हिंसा में एक मौलवी और दो होमगार्ड समेत छह लोगों की मौत हो गई थी।

सिंह ने कहा ''टुकड़े-टुकड़े गैंग गंगा-जमुनी तहजीब की बात कहता है। वे क्या बात करते हैं? गंगा और जुमना दोनों ही हमारी मां हैं। ''

सिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘वह प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं। उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता यदि बिहार पर आईएसआईएस भी कब्जा कर ले।’’

बिहार में घटी घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है जिसमें एक धार्मिक जुलूस के दौरान दो समूहों के बीच झड़प होते देखी जा सकती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)