खेल की खबरें | स्टोक्स इंग्लैंड के महानतम क्रिकेटरों में से एक बनेगा: डॉमिनिक कॉर्क

मैनचेस्टर, 19 जुलाई इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज डॉमिनिक कॉर्क मानते हैं कि आलराउंडर बेन स्टोक्स देश के महानतम क्रिकेटरों में से एक बनेगा।

पिछले साल इंग्लैंड की विश्व कप जीत के नायक स्टोक्स ने यहां वेस्टइंडीज के खिलाफ चल रहे दूसरे टेस्ट में 176 रन की शानदार पारी खेली जिससे टीम ने नौ विकेट पर 469 रन के मजबूत स्कोर पर पहली पारी घोषित की।

यह भी पढ़े | शाहीद अफरीदी ने कहा- गौतम गंभीर एक बल्लेबाज के तौर पर पसंद, लेकिन इंसान के तौर पर उनमें काफी खामियां.

कॉर्क ने स्काई स्पोर्ट्स के शो ‘द क्रिकेट डिबेट’ में कहा, ‘‘मेरा सच में मानना है कि वह अपने काम करने के तरीके से बेहतर बन सकता है। वह बल्लेबाजी करना चाहता है, वह गेंदबाजी करना चाहता है, वह अपने खेल पर काम करना चाहता है, वह बेहतर होना चाहता है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं जानता हूं कि वह अपनी गेंदबाजी पर भी काफी ज्यादा मेहनत करता है। मुझे इस खिलाड़ी को देखकर लग रहा है कि वह दुनिया के सर्वश्रेष्ठ ही नहीं बल्कि हमारे पास जितने भी सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी हुए हैं, उसमें से एक बनेगा। मैं उसे इतना ऊंचा आंकता हूं। ’’

यह भी पढ़े | भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने महाप्रबंधक सबा करीम से मांगा इस्तीफा.

पूर्व तेज गेंदबाज को लगता है कि तीन साल पहले ब्रिस्टल बार में लड़ाई की घटना के बाद इस विश्व कप नायक के लिये चीजें बेहतर ही हुई हैं।

पिछले साल स्टोक्स ने खुद कहा था कि उस घटना और उससे जुड़े मामले उनके लिये सबसे अच्छा सबक रहा जिसके कारण उनके करियर के 15 महीने खराब हुए और इनके बाद वह खुद को बेहतर बनाने में सफल रहे।

इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज रवि बोपारा ने भी स्टोक्स के रवैये में शानदार बदलाव की बात की।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि बेन में निश्चित रूप से बदलाव हुआ है। उसने गलती की और उनसे काफी कुछ सीखा। वह अब मजबूत क्रिकेटर लगता है। ’’

बोपारा ने कहा, ‘‘वह आक्रामक व्यक्तित्व वाला है और हमेशा से रहा है, यहां तक कि वह होटल के कमरे में प्लेस्टेशन भी खेल रहा होता है तो वह ऐसा ही होता है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन टीम में उसकी बतौर आलराउंडर बहुत महत्वपूर्ण भूमिका है, वह बल्ले और गेंद से प्रभाव डाल रहा है, इंग्लैंड के लिये मैच जीत रहा है और जब से इंग्लैंड ने उसे अपने मुख्य खिलाड़ी के तौर पर देखना शुरू किया है तब से उसका रवैया भी बदल गया है। ’’

वेस्टइंडीज ने साउथम्पटन में शुरूआती मैच में जीत हासिल कर तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 से बढ़त बना रखी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)