COVID-19 Vaccine: राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के पास जून में कोविड टीके की करीब 12 करोड़ खुराकें होंगी- केंद्र
केंद्र सरकार ने सोमवार को राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेशों को सूचित किया कि उनके पास जून में कोविड टीके की करीब 12 करोड़ खुराकें उपलब्ध होंगी, जिससे वे टीकाकरण में तेजी ला सकेंगे.
नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने सोमवार को राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेशों को सूचित किया कि उनके पास जून में कोविड टीके की करीब 12 करोड़ खुराकें उपलब्ध होंगी, जिससे वे टीकाकरण में तेजी ला सकेंगे. वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से समीक्षा बैठक में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को कोविड टीकाकरण पर निजी अस्पतालों के साथ सक्रिय रूप से सहयोग बढ़ाने और बुजुर्ग और दिव्यांगों के लिए घर के पास टीकाकरण केंद्र खोलने के लिए प्रोत्साहित किया गया.
स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान मे कहा कि उन्हें टीके की समय पर आपूर्ति के लिए टीका निर्माताओं और निजी अस्पतालों के साथ नियमित रूप से समन्वय करने के लिए दो-तीन सदस्यों की एक समर्पित टीम गठित करने की सलाह दी गई. बयान के मुताबिक, टीकाकरण की प्रगति पर राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रशासकों के साथ बैठक में, स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने उन्हें आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को उनकी घटती आपूर्ति को तत्काल भरने के लिए टीके का उपलब्ध स्टॉक प्रदान करेगी ताकि टीकाकरण अभियान स्थिर गति से जारी रहे. Bihar: बीजेपी नेता सुशील मोदी ने दी सीएम नीतीश कुमार को सलाह, कहा- ‘कोरोना वैक्सीन के लिए सिर्फ केंद्र पर निर्भर न रहें’
स्वास्थ्य सचिव ने मई 2021 के अंतिम सप्ताह में टीकाकरण की गति बढ़ाने के लिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सामूहिक प्रयासों की सराहना की, क्योंकि इस माह के अधिकांश टीके खत्म हो रहे थे. बयान में कहा गया है, “जून 2021 में टीकों की कुल उपलब्धता और बढ़ने वाली है। जून 2021 में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को लगभग 12 करोड़ (11,95,70,000) खुराकें उपलब्ध होंगी, जिससे वे टीकाकरण संख्या को बढ़ाने में सक्षम होंगे.
कई राज्यों ने टीको की लगातार कमी की शिकायत की है। यह बैठक उस दिन हुई है जब केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन ने 11 गैर-भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखकर कोविड-19 टीकों की खरीद और मुफ्त सार्वभौमिक टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए केंद्र पर दबाव बनाने के वास्ते संयुक्त प्रयास करने का आग्रह किया है. स्वास्थ्य मंत्रालय ने बयान में कहा कि देश में सबसे कमजोर जनसंख्या समूहों को कोविड-19 से बचाने के लिए टीकाकरण अहम है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 31, 2021 10:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

