जरुरी जानकारी | स्टार्टअप का वित्तपोषण विदेशी धन से नहीं, घरेलू स्तर पर हो : अमिताभ कांत

नयी दिल्ली, 14 मार्च जी20 शेरपा अमिताभ कांत ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारतीय स्टार्टअप आंदोलन विदेशी पूंजी पर निर्भर नहीं रहना चाहिए और इसे भारतीय वित्तपोषण के जरिये आगे बढ़ाया जाना चाहिए।

भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के यूनिकॉर्न शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांत ने कहा कि देश को प्रौद्योगिकी आधारित नई स्टार्टअप कंपनियों का समर्थन करने के लिए कोषों का एक कोष बनाने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि यूनिकॉर्न देश की राष्ट्रीय संपत्ति हैं। एक अरब डॉलर से अधिक के मूल्यांकन वाली स्टार्टअप इकाइयों को 'यूनिकॉर्न' कहा जाता है।

इसके साथ ही कांत ने कहा कि स्टार्टअप इकाइयों को वृद्धि के लिए कामकाज के संचालन पर ध्यान देना होगा, अन्यथा वे संकट में फंस जाएंगी।

उन्होंने कहा कि महिलाएं जीवन के हर क्षेत्र में पुरुषों से बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं और अगर भारत 2047 तक 35,000 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनना चाहता है, तो इसमें महिलाओं की बड़ी भूमिका होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)