देश की खबरें | स्टालिन ने तमिलनाडु के पुलिस अधिकारियों को मादक पदार्थ को बढ़ावा देने के विरूद्ध चेतावनी दी

चेन्नई, 10 अगस्त तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने बुधवार को पुलिस अधिकारियों को राज्य से मादक पदार्थों से जुड़ी समस्या के हल के लिए कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने इस बुराई से निपटने के लिए कई उपायों की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी पुलिस अधिकारी को मादक पदार्थों के तस्करों को बढ़ावा नहीं देना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह केवल ईमानदार अधिकारियों के लिए ‘नरम मुख्यमंत्री’ हैं।

स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) का हवाला देते हुए स्टालिन ने कहा कि वह अब भी मानते हैं कि इस कानून के कड़े प्रावधानों को लागू करने का परिदृश्य नहीं सामने आएगा।

इस कानून के अनुसार यदि सरकारी कर्मी अपने पद का फायदा उठाते हुए अपराध करता है तो उसे अधिक सजा हो सकती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह चिंता का विषय है कि तमिलनाडु में हर रोज मादक पदार्थों की लत में फंसने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। उन्होंने पिछली अन्नाद्रमुक सरकार पर इस बुराई से निपटने पर पर्याप्त ध्यान नहीं देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार इस बुराई से निपटने पर विशेष ध्यान दे रही है।

पुलिस और जिलाधिकारियों को स्टालिन का निर्देश विपक्षी दल अन्नाद्रमुक के हाल के आरोपों के बीच आया है। अन्नाद्रमुक ने आरोप लगाया था कि तमिलनाडु में खुलेआम गांजा बेचा जा रहा है।

यहां जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक में स्टालिन ने मादक पदार्थों की बुराई से निपटने के लिए कई कदमों की घोषणा की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)