देश की खबरें | प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों में श्रीनगर का दर्जी भी शामिल

श्रीनगर, 17 सितंबर श्रीनगर के दर्जी फयाज अहमद भट उन लाभार्थियों में शामिल हैं जिन्हें रविवार को राष्ट्रीय राजधानी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू की गयी विश्वकर्मा योजना के तहत पहचानपत्र मिला है। पारंपरिक परिधान ‘फेरन’ की सिलाई में विशेषज्ञ भट पिछले 40 सालों से यह काम कर रहे हैं।

ठिठुरती ठंड से बचने के लिए कश्मीरी यह पारंपरिक परिधान पहनते हैं।

भट उन 30 लाख लाभार्थियों में शामिल हैं जिन्हें सरकार अगले पांच सालों में इस योजना के तहत लाभ पहुंचाने के लक्ष्य के साथ बढ़ रही है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को विश्वकर्मा जयंती के मौके पर ‘प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना’ की शुरुआत की, जिसके तहत पारंपरिक शिल्पकारों को बहुत कम ब्याज दर पर बिना गारंटी के ऋण दिया जाएगा।

प्रधानमंत्री विश्वकर्मा प्रमाणपत्र एवं पहचान पत्र से पहचान मिलने के अलावा भट और अन्य शिल्पकारों एवं कारीगरों का कौशल उन्नयन का प्रशिक्षण मिलेगा। उन्हें मूलभूत एवं उन्नत प्रशिक्षण दिया जाएगा।

जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा यहां केंद्रशासित प्रदेश स्तर पर आयोजित योजना के शुरुआत कार्यक्रम में डिजिटल माध्यम से हिस्सा लिया।

सिन्हा ने कहा कि यह योजना अपने हाथों एवं औजारों से काम कर रहे जम्मू कश्मीर के हजारों कारीगरों को सीधा लाभ पहुंचाएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘ सृजनशीलता एवं कठिन परिश्रम से हमारे शानदार शिल्पकारों ने ना केवल अमूल्य धरोहर, विविध संस्कृति एवं परंपराओं को संजोकर रखा है बल्कि सामाजिक-आर्थिक विकास के पहिये को भी गतिशील रखा है। ये परिश्रमी हाथ प्रगतिशील समाज की ताकत हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)