कोलंबो, आठ दिसंबर श्रीलंका की सरकार ने राष्ट्रीय एकता की मजबूती के लिए एक स्वतंत्र आयोग गठित करने का फैसला किया है। अल्पसंख्यक तमिल समुदाय के प्रति न्याय और संघर्ष के बाद के समय में मेलमिलाप की दिशा में यह एक ऐतिहासिक कदम है।
राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे के कार्यालय ने कहा कि प्रस्तावित ‘सत्य, एकता और सुलह आयोग’ संसद से कानून पारित कराके स्थापित किया जाएगा।
राष्ट्रपति कार्यालय ने एक बयान में कहा, “संक्रमणकालीन न्याय और संघर्ष के बाद मेलमिलाप की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम में, श्रीलंका सरकार ने स्वतंत्र ‘सत्य, एकता और सुलह’ आयोग स्थापित करने का निर्णय लिया है।”
इसमें कहा गया है कि एक अवधारणा पत्र के रूप में इसका मसौदा तैयार किया जा रहा है और विभिन्न पक्षकारों से सलाह-मशिवरा किया जा रहा है। बयान में कहा गया है, “ आयोग का लक्ष्य श्रीलंका के लोगों के बीच राष्ट्रीय एकता, शांति, कानून का शासन, सह-अस्तित्व, समानता, सहिष्णुता, विविधता के प्रति सम्मान और मेल-मिलाप सुनिश्चित करना और मजबूत करना है।"
लिट्टे ने तमिलों के लिए पृथक देश को लेकर 30 साल तक अभियान चलाया था और 2009 में श्रीलंका की सेना ने उसके प्रमुख वी प्रभाकरण को मार दिया था, जिसके बाद समूह खत्म हो गया।
प्रस्तावित नया कानून बनने तक, सरकार ने एक अंतरिम निकाय, ‘सत्य और सुलह तंत्र के लिए अंतरिम सचिवालय’ (आईएसटीआरएम) की स्थापना की प्रक्रिया शुरू दी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY