नयी दिल्ली, 12 दिसंबर संकटग्रस्त एयरलाइन स्पाइसजेट वित्तीय संस्थानों और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) जैसे कई तरह के निवेशकों को इक्विटी शेयर जारी कर 2,250 करोड़ रुपये जुटाएगी। कंपनी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
इस कदम से कंपनी को वित्तीय संकट से निपटने में मदद मिलेगी।
कंपनी ने चालू वित्त वर्ष 2023-24 की जुलाई-सितंबर तिमाही में एयरलाइन को 428 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा होने की भी जानकारी दी। एक साल पहले की समान अवधि में उसका शुद्ध घाटा 835 करोड़ रुपये था।
स्पाइसजेट के निदेशक मंडल ने निजी आवंटन के आधार पर इक्विटी शेयर/ इक्विटी वॉरंट जारी करने की मंजूरी दे दी है।
विज्ञप्ति के अनुसार, इस राशि से कंपनी को अपनी उपस्थिति और बाजार पहुंच बढ़ाने में काफी मदद मिलेगी। अभी इसके लिए अपेक्षित अनुमति लेना अनिवार्य है।
कंपनी ने कहा कि वित्तीय संस्थानों, एफआईआई, ऊंची हैसियत वाले लोगों (एचएनआई) और निजी निवेशकों को इक्विटी शेयर जारी कर 2,250 करोड़ रुपये से अधिक राशि जुटाई जाएगी।
स्पाइसजेट के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक अजय सिंह ने इसे महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा, "इसका मकसद स्पाइसजेट की वित्तीय स्थिति को मजबूत करना, परिचालन क्षमताओं को बढ़ाना, बकाया मुद्दों के निपटान और विमानन क्षेत्र में निरंतर वृद्धि के लिए एयरलाइन को फिर से स्थापित करना है।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY