पटना, 18 जुलाई बिहार के पटना संभाग में एक विशेष प्लाज्मा दान अभियान की शुरुआत की गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
एम्स, पटना को राज्य में कोविड-19 के गंभीर रोगियों के इलाज के लिए प्लाज्मा थेरेपी का संचालन करने के लिए भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) से मंजूरी मिली है।
पटना, संभागीय आयुक्त, संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि राज्य में कोरोना वायरस के तेजी से बढ़ते मामलों और प्लाज्मा दान की कम दर के मद्देनजर शुक्रवार को एक विशेष प्लाज्मा दान अभियान की शुरूआत की गई है।
अग्रवाल ने एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा कि इस विशेष अभियान के पहले दिन नौ लोग प्लाज्मा दान करने के लिए आये जिनमें से तीन लोग प्लाज्मा दान करने के लिए तय मापदंड़ों के अनुसार नहीं पाये गये जबकि नालंदा, खगड़िया, बक्सर और बेगूसराय जिलों के छह अन्य लोगों ने अपना प्लाज्मा दान किया।
विशेष अभियान के शुरू किये जाने से पहले 18 लोगों ने अपना प्लाज्मा दान किया था।
अधिकारी ने बताया कि अगले पांच दिन में 20 लोग भी अपना प्लाज्मा दान करने पर सहमत हुए है।
अग्रवाल ने बताया कि प्लाज्मा दान करने वाले इन लोगों का जल्द ही संबंधित जिला प्रशासन द्वारा ‘कोरोना योद्धा सम्मान’ से सम्मानित किया जायेगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY