देश की खबरें | सपा नेता आजम खां को स्वार उपचुनाव में पार्टी उम्मीदवार की जीत का भरोसा

रामपुर (उप्र), आठ मई समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खां ने स्वार विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में पार्टी की उम्मीदवार अनुराधा चौहान की जीत का दावा करते हुए सोमवार को कहा कि यदि सपा उम्मीदवार के साथ कोई भी ‘अन्याय’ होता है तो यह उनके साथ धोखा होगा।

खां ने एक अदालत द्वारा अपने बेटे अब्दुल्ला आजम को दोषी ठहराये जाने और बाद में विधायक के रूप में अयोग्य ठहराए जाने के कारण इस सीट पर उपचुनाव की आवश्यकता का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘अब्दुल्ला आजम को (विधानसभा से) दो बार अयोग्य घोषित किया गया है ... कोई भी ऐसा नहीं है जो उन्हें हरा सके।’’

मुरादाबाद की एक अदालत द्वारा 15 साल पुराने एक मामले में अब्दुल्ला आजम को दो साल की जेल की सजा सुनाए जाने के कारण उनकी सदस्यता समाप्त कर दी गयी थी और 13 फरवरी को यह सीट खाली घोषित कर दी गयी थी।

वर्ष 2020 में, इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने हलफनामे में उम्र छिपाने के लिए अब्दुल्ला आजम का निर्वाचन रद्द कर दिया था।

गौरतलब है कि आजम खां खुद भी पिछले साल उस वक्त अयोग्य घोषित कर दिये गये थे, जब नफरती भाषण के एक मामले में एक अदालत द्वारा उन्हें तीन साल की जेल की सजा सुनाई गई थी।

खां ने रविवार देर शाम एक चुनावी रैली के दौरान मतदाताओं से पार्टी उम्मीदवार को वोट देने की अपील करते हुए कहा, ‘‘अनुराधा चौहान हमारी शान हैं। अगर (उनके साथ) कोई अन्याय (चुनाव परिणामों के संदर्भ में) होता है, तो यह धोखा होगा।’’

पूर्व मंत्री ने भाजपा पर भी निशाना साधते हुए कहा, ''साम्प्रदायिकता का आरोप लगाने वालों को करारा जवाब दिया जाना चाहिए और उन्हें पता होना चाहिए कि वह (चौहान) हमारी बहन हैं।''

उन्होंने भाजपा के गठबंधन सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) पर भी निशाना साधते हुए कहा, ‘‘जो उम्मीदवार प्लेट लेकर आया है (पार्टी के कप-प्लेट चुनाव चिह्न का जिक्र करते हुए) ... वह उन लोगों के साथ है जो आपकी मासूम पीढ़ियों को चाकू पकड़ना चाहते हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)