देश की खबरें | सपा कार्यकर्ताओं को समझा दिया है, उपमुख्यमंत्री पाठक से भी बयानबाजी बंद करने की उम्मीद है: अखिलेश

लखनऊ, 18 मई समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपनी पार्टी के मीडिया प्रकोष्ठ पर राज्य के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के बारे में की टिप्पणी के मामले में प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने समाजवादी कार्यकर्ताओं को समझा दिया है, लेकिन उम्मीद है कि पाठक जिस तरह की बयानबाजी निंरतर करते आये हैं उस पर भी विराम लगेगा।

यादव ने शनिवार देर रात पाठक के मामले में एक लंबा पोस्ट लिखा।

यादव ने पाठक को नसीहत देते हुए कहा, “सब जानते हैं कि हम यदुवंशी हैं और यदुवंश का संबंध भगवान श्रीकृष्ण से है। ऐसे में हमारे ‘डीएनए’ के बारे में आपके प्रहार से हम धार्मिक रूप से भी आहत हुए हैं।”

दरअसल, सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की लखनऊ महानगर इकाई के अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी ने राज्य के मुख्य विपक्षी दल सपा मीडिया प्रकोष्ठ के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल के अज्ञात हैंडलर के खिलाफ उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के “डीएनए” को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में शनिवार को लखनऊ के हजरतगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

सपा के मीडिया प्रकोष्ठ ने शनिवार को ‘एक्स’ खाते पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के डीएनए को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। हालांकि कुछ देर बाद पोस्ट को डिलीट कर दी गई।

पाठक ने सपा के ‘डिलीट’ पोस्ट को साझा करते हुए शनिवार को यादव पर निशाना साधा।

पाठक ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा “अखिलेश जी, ये आपकी पार्टी की है? ये आपकी पार्टी का आफिशियल हैंडल है!! किसी के दिवंगत माता-पिता के लिए शब्दों का ये चयन है?”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)