देश की खबरें | दक्षिण-पश्चिम मानसून दक्षिण बंगाल में आगे बढ़ा

कोलकाता, 19 जून दक्षिण-पश्चिम मानसून ने सोमवार को दक्षिण बंगाल के कई जिलों में दस्तक दी। यह क्षेत्र एक महीने से अधिक समय से भीषण गर्मी का सामना कर रहा था। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक प्रवक्ता ने कहा कि अगले दो-तीन दिनों में राज्य के दक्षिणी हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल हो गई हैं और इसके परिणामस्वरूप राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मध्यम दर्जे की बारिश जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।

राजधानी कोलकाता में सोमवार की सुबह बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे शहर के लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली।

आईएमडी के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘आज दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तर और दक्षिण 24 परगना, कोलकाता, नादिया, हुगली, मुर्शिदाबाद, बीरभूम और पुरबा बर्धमान जिलों के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ा। अगले दो-तीन दिनों के दौरान दक्षिण बंगाल के अधिक हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।’’

हालांकि राजधानी कोलकाता, उसके आस-पास और दक्षिण बंगाल के अन्य हिस्सों में बादलों के छाए रहने से लोगों को चिलचिलाती धूप से कुछ राहत मिली, लेकिन उच्च आर्द्रता के कारण होने वाली असुविधा से लोगों को काफी परेशानी हुई। आर्द्रता का स्तर अधिकतम 91 प्रतिशत और न्यूनतम 69 प्रतिशत रहा।

तापमान में हालांकि कुछ गिरावट दर्ज की गयी। मौसम विज्ञानियों ने कहा कि अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत अधिकतम तापमान से एक डिग्री कम और न्यूनतम 29.9 डिग्री दर्ज किया गया।

आईएमडी ने अगले 24 घंटों में उत्तर बंगाल में कूचबिहार, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और कलिम्पोंग और दार्जिलिंग जिलों में एक या दो स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)