दक्षिण अफ्रीका ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने पर एक विकेट खोकर 15 रन बनाये थे । उसे आस्ट्रेलिया को दोबारा बल्लेबाजी के लिये उतारने के लिये अभी भी 371 रन और बनाने हैं । श्रृंखला में पिछली तीन पारियों में दक्षिण अफ्रीका टीम 200 रन भी नहीं बना सकी है जिससे उसकी हार तय लग रही है । उसके प्रमुख बल्लेबाज और कप्तान डीन एल्गर अपना विकेट गंवा ही चुके हैं।
आखिरी सत्र में बारिश के कारण सात ओवर ही फेंके जा सके । दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे ही ओवर में एगर का विकेट गंवा दिया जिन्हें आस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने पवेलियन भेजा ।
टी डे ब्रूइन छह और सारेल एरवी सात रन बनाकर खेल रहे हैं । इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के पहली पारी के 189 रन के जवाब में आस्ट्रेलिया ने पहली पारी आठ विकेट पर 575 के स्कोर पर घोषित की ।
अपने कल के स्कोर तीन विकेट पर 386 रन से आगे खेलते हुए आस्ट्रेलिया के लिये विकेटकीपर एलेक्स कारी ने पहला टेस्ट शतक जड़ा । उन्होंने 111 रन की पारी में 13 चौके लगाये जबकि कैमरन ग्रीन 51 रन बनाकर नाबाद रहे । ऊंगली में फ्रेक्चर के बावजूद डटकर बल्लेबाजी करते हुए ग्रीन ने आठवें विकेट के लिये शतकीय साझेदारी की ।
दक्षिण अफ्रीका के लिये एनरिच नॉर्किया ने 25 ओवर में 92 रन देकर तीन विकेट लिये जबकि कैगिसो रबाडा को दो विकेट मिले । नॉर्किया ने तीसरे ओवर में वॉर्नर (200) और ट्रेविस हेड (51) को आउट करके आस्ट्रेलिया को दोहरे झटके दिये ।
पैर की मांसपेशी में खिंचाव के कारण कल रिटायर्ड हर्ट हुए वॉर्नर एक ही गेंद खेल सके और अपना विकेट गंवा बैठे । इसके बाद रबाडा ने कमिंस (चार) को आउट किया । सात विकेट 440 रन पर गिरने के बाद कारी और ग्रीन ने मोर्चा संभाला ।
एपी
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY