देश की खबरें | सोनू खत्री के तीन शूटर गिरफ्तार, देश से भागने की बना रहे थे योजना: पंजाब पुलिस

चंडीगढ़, आठ सितंबर केंद्रीय एजेंसियों की मदद से पंजाब पुलिस के गैंगस्टर निरोधक कार्यबल (एजीटीएफ) ने बदमाश सोनू खत्री के लिए काम करने वाले तीन फरार शूटरों को गिरफ्तार किया है जो देश से भागने की कोशिश कर रहे थे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पंजाब के पुलिस महानिदेाक गौरव यादव ने ‘एक्स‘ पर पोस्ट किया कि एक व्यक्ति को भारत-नेपाल सीमा से जबकि दो को हरियाणा के गुरूग्राम से गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया, ‘‘अखिल भारतीय अभियान में एजीटीएफ-पंजाब ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ तालमेल कर तीन फरार शूटर को सफलतापूर्वक गिरफ्तार किया है जो गैंगस्टर सोनू खत्री के इशारे पर काम करते थे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘प्राथमिक जांच से खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपी सोनू खत्री के इशारे पर पंजाब में सनसनीखेज वारदातें करते थे और उसके बाद देश के विभिन्न हिस्सों एवं नेपाल में शरण ले लेते थे।’’

पुलिस महानिदेशक ने बताया कि शूटर की पहचान सुखमनजोत सिंह उर्फ सुखमान बराड़, जसकरण सिंह उर्फ जस्सी लोधीपुर और जोगराज सिंह उर्फ जोगा के रूप में हुयी है, ये तीनों प्रदेश के जालंधर जिले के रहने वाले हैं।

उन्होंने बताया कि पुलिस दल ने उनके कब्जे से तीन अत्याधुनिक पिस्तौल और अन्य हथियार बरामद किये हैं।

यादव ने बताया कि तीनों हत्या के कम से कम पांच मामलों में संलिप्त हैं , इसके अलावा, हत्या की कोशिश, हथियार कानून और कार चोरी, रंगदारी आदि अन्य जघन्य अपराधों में भी वे लिप्त रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)