देश की खबरें | कांग्रेस के दांत खाने के कुछ और, दिखाने के कुछ और हैं: नड्डा

तिनखोंग (असम), 22 मार्च भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार को कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि हाथी की तरह कांग्रेस के ‘‘दांत खाने के कुछ और तथा दिखाने के कुछ और हैं।’’

डिब्रूगढ़ जिले के तिनखोंग में चुनाव रैली को संबोधित करते हुए नड्डा ने कांग्रेस पर ''अवसरवाद की राजनीति'' करने का आरोप लगाया और कहा कि विपक्षी पार्टी सत्ता में आई तो असम ''अंधकार'' की ओर बढ़ने लगेगा।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ''कांग्रेस का एकमात्र लक्ष्य अवसरवाद की राजनीति करना है। वह केरल में मुस्लिम लीग के साथ मिलकर माकपा के खिलाफ चुनाव लड़ रही है लेकिन पश्चिम बंगाल तथा असम में उसने इसके साथ हाथ मिला रखा है।''

उन्होंने कहा, ''हाथी के दांतों की तरह, कांग्रेस के दांत भी दिखाने के कुछ और तथा खाने के कुछ और हैं। वह हमेशा कहती कुछ है लेकिन करती उसके विपरीत है...वह समाज को बांट रही है।''

नड्डा ने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा के चाय बागान जाने और पत्तियां तोड़ने पर तंज कसते हुए कहा, ‘‘उन्होंने चाय की पत्तियां तोड़ीं। लेकिन जहां तक मुझे पता है, चाय की पत्तियां अप्रैल के बाद ही तोड़ी जाती हैं। फिर, यह फोटो शूट क्यों किया गया? कांग्रेस लोगों को धोखा दे रही है।’’

भाजपा प्रमुख ने कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए कहा कि विपक्षी दल के सत्ता में आने का ‘‘अर्थ अंधेरे दिनों की शुरुआत’’ है जबकि भाजपा का मतलब विकास है।

उन्होंने कहा, ''यदि आप अंधेरा चाहते हैं तो कांग्रेस के साथ चले जाएं। लेकिन यदि आप विकास चाहते हैं तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हाथ थाम लें।''

नड्डा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद से ही असम तथा पूर्वोत्तर की उपेक्षा की और इस क्षेत्र के विकास के लिए कुछ नहीं किया।

उन्होंने कहा, ''कांग्रेस के दोहरे मापदंड के चलते विकास के पहिये पूरी तरह रुक गए थे। उसने असम की सभ्यता पर हमला किया और राज्य की संस्कृति को दरकिनार कर दिया। लेकिन भाजपा विकास लेकर आई और असम की संस्कृति तथा की रक्षा की।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)