देश की खबरें | पायलट को दरकिनार करने की कोशिश कर रहे हैं कुछ नेता : कांग्रेस व‍िधायक सोलंकी का आरोप

जयपुर, 28 अप्रैल कांग्रेस नेता सचिन पायलट गुट के विधायक वेद प्रकाश सोलंकी ने शुक्रवार को दावा किया कि कुछ नेता चाहते हैं कि पायलट को दरकिनार किया जाये, लेकिन ऐसा करने से राज्‍य में कांग्रेस की सत्ता में वापसी संभव नहीं है।

सोलंकी ने संवाददाताओं से बातचीत में किसी का नाम लिये बगैर कहा, ‘‘कुछ नेता चाहते हैं कि पायलट को दरकिनार किया जाये, लेकिन दरकिनार करने से सत्ता में वापसी संभव नहीं है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘देखो यह बडे़ नेताओं का शगूफा है आपस में कि किस तरह से पायलट को दरकिनार किया जाये… पायलट साहब कतई पार्टी नहीं छोडेंगे.. पार्टी में रहेंगे... उनकी पार्टी के प्रति निष्ठा है.. वह ऐसा कह भी चुके हैं लेकिन कुछ नेता चाहते हैं कि उन्हें कैसे भी दरकिनार किया जाये लेकिन ऐसा करने से सत्ता में वापसी संभव नहीं है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं पहले भी कह चुका हूं कि जब तक सब मिलकर नहीं चलेंगे.. जब तक सब मिलकर प्रयास नहीं करेंगे.. (कुछ नहीं हो सकता) सामूहिक प्रयास से ही (कांग्रेस की) सत्ता आ सकती है।’’

चाकसू से कांग्रेस के विधायक सोलंकी ने कहा, ‘‘जिन लोगों से सरकार बन सकती है और जिनके चेहरे पर वोट मिलते हैं उन लोगों को आगे लाना चाहिए.. उन लोगों को जनता के सामने पेश करना चाहिए और वो जब तक सामने नहीं आयेंगे तो जनता भी सब चीज जानती है … यह पब्लिक है.. सब जानती है। समय पर सबका जवाब भी देती है।’’

उल्‍लेखनीय है क‍ि सोलंकी पायलट के वफादार हैं और 2020 के राजनीतिक संकट में गहलोत के खिलाफ विद्रोह करने वाले व‍िधायकों में से एक थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)