सैनिकों ने जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर फंसे यात्रियों का सहयोग किया
जियो

जम्मू, 23 मई थल सेना ने शनिवार को कहा कि इसके कर्मियों ने रामबन जिले में हुए भूस्खलन के चलते जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई घंटे से फंसे बड़ी संख्या में यात्रियों को सहायता मुहैया कराई।

जिले के पंथीयाल इलाके में भूस्खलन होने के बाद यह राजमार्ग अवरूद्ध हो गया था।

रक्षा विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि राजमार्ग अवरूद्ध हो जाने पर शुक्रवार को जम्मू की ओर जा रहे करीब 700 वाहन फंसे गये थे। यह कश्मीर को शेष भारत से जोड़ने वाला एकमात्र साल भर चालू रहने वाली सड़क है।

उन्होंने बताया कि भूस्खलन के चलते लंबे समय तक यातायात अवरूद्ध हो गया, जिससे काफी संख्या में यात्री फंस गये।

प्रवक्ता ने बताया कि सूचना मिलने पर सेना फौरन हरकत में आ गई और एक मेडिकल टीम के साथ मौके पर पहुंची।

उन्होंने बताया कि फंसे हुए यात्रियों को गरमागरम चाय दी गई और भोजन भी उपलब्ध कराया गया। मेडिकल टीम ने प्राथमिक चिकित्सा भी मुहैया की।

प्रवक्ता ने बताया कि सैनिकों की यह मानवीय कोशिश यात्रियों और नागरिक प्रशासन के अधिकारियों के दिल को छू गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)