देश की खबरें | सोलर इंडस्ट्रीज भारतीय सेना को यूएवी 'नागास्त्र' की आपूर्ति करेगी

नागपुर, 21 अप्रैल सोलर इंडस्ट्रीज नागपुर ने शुक्रवार को कहा कि उसे भारतीय सेना को मानवरहित हवाई यान (यूएवी) 'नागास्त्र' की आपूर्ति का ठेका मिला है और इस तरह इजराइल तथा पोलैंड के प्रतिस्पर्धी उससे पीछे रह गए।

कंपनी के एक अधिकारी ने कहा कि गोला-बारूद और रक्षा प्रणालियों में आत्मनिर्भरता लाने के लिए सरकार की पहल के साथ पहले स्वदेशी ‘लोइटर म्यूनिशन’ (एलएम), नागास्त्र-1 को सोलर इंडस्ट्रीज नागपुर की अनुषंगी इकोनॉमिक्स एक्सप्लोसिव्स लिमिटेड (ईईएल) ने जेड-मोशन, बैंगलोर के सहयोग से डिजाइन और विकसित किया है।

नयी दिल्ली में हाल में आयोजित सैन्य कमांडरों के सम्मेलन में 'नागास्त्र -1' का मॉडल प्रदर्शित किया गया था।

कंपनी ने कहा कि 75 फीसदी से ज्यादा स्वदेशी सामग्री वाले ‘नागास्त्र-1’ में कई विश्वस्तरीय विशेषताएं हैं।

सैन्य अभियानों में ड्रोन प्रौद्योगिकी काफी महत्वपूर्ण साबित हुई है और हाल के संघर्षों-खासकर आर्मेनिया-अजरबैजान, सीरिया, सऊदी अरब के तेल क्षेत्रों तथा रूस-यूक्रेन के मामले में इसका उपयोग काफी अहम रहा है।

कंपनी के अधिकारी ने कहा, ‘‘हमारे संदर्भ में भी, सीमाओं पर हाल की घटनाओं में उत्तरी सीमा पर ड्रोन संबंधी घटनाओं में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)