देश की खबरें | एसकेएम ने 26 नवंबर को 500 जिलों में 'चेतावनी रैली' की घोषणा की

नयी दिल्ली, 17 अक्टूबर किसानों के संगठन संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा है कि वह किसानों के दिल्ली कूच के चार साल पूरे होने पर 26 नवंबर को 500 जिलों में 'चेतावनी' रैलियां निकालेगा।

संगठन ने अपनी मांगें पूरी नहीं होने पर अगले साल बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी।

एसकेएम की आम बैठक के बाद बुधवार को यह घोषणाएं की गईं।

एआईकेएस नेता हन्नान मोल्लाह ने कहा, "सरकार ने अब तक अपनी प्रतिबद्धता पूरी नहीं की है, उन्होंने किसानों को धोखा दिया है, इसलिए हमने देश भर में रैलियां आयोजित करने का फैसला किया है।"

क्रांतिकारी किसान संघ के अध्यक्ष दर्शन पाल ने कहा कि अगर सरकार उनकी मांगों को स्वीकार करने में देरी करती रही तो अगले साल बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।

पाल ने कहा, "अगर सरकार अपनी टालमटोल वाली रणनीति जारी रखेगी तो 2025 में हम बड़ा विरोध प्रदर्शन करेंगे और इसके लिए सरकार जिम्मेदार होगी।"

किसानों के विरोध प्रदर्शन के प्रमुख केंद्रों में से एक हरियाणा में भाजपा की सत्ता में वापसी के बारे में पूछे जाने पर पाल ने कहा, "भले ही भाजपा जीत गई, लेकिन लगभग 60 प्रतिशत लोगों ने उनके खिलाफ मतदान किया और किसानों ने भी भारी संख्या में उनके खिलाफ मतदान किया।"

किसान समूहों के शीर्ष निकाय ने कहा कि एसकेएम की राज्य समितियों द्वारा व्यापार और कृषि श्रमिक संघों के साथ मिलकर सात से 25 नवंबर के बीच 50,000 गांवों को कवर करते हुए एक जन अभियान चलाया जाएगा।

एसकेएम प्रत्येक जिले में 100 गांवों में वाहन जत्थे और पदयात्रा निकालेगा तथा अपनी मांगों के साथ घर-घर जाकर प्रचार करेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)