रांची, 28 जून झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज कहा कि राज्य के युवाओं को किसी न किसी कौशल में प्रशिक्षित करने पर राज्य सरकार का विशेष जोर है और इसी उद्देश्य को पूरा करने के लिए राजधानी रांची में सरकार लगभग तीन सौ करोड़ रुपये की लागत से कौशल विकास कॉलेज की स्थापना करेगी।
सोरेन ने आज प्रेझा फाउंडेशन द्वारा संचालित आईटीआई कौशल विकास कॉलेज/ नर्सिंग एवं कल्याण गुरुकुल के लगभग 500 विद्यार्थियों को विभिन्न संस्थाओं/ संस्थानों के लिए नियुक्ति पत्र प्रदान करते हुए यह बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आज तकनीक का जमाना है। कल- कारखानों से लेकर आम जनजीवन में मशीनें जगह लेती जा रही हैं। ऐसे में आपका हुनरमंद होना हर हाल में जरूरी है ।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की गिनती देश के पिछड़े राज्यों में होती है, ऐसे में उनकी सरकार युवाओं को हुनरमंद बनाने के अलावा आर्थिक गतिविधियां बढ़ाने के लिए कृतसंकल्प है।
उन्होंने यह भी कहा कि यहां की 80 प्रतिशत आबादी गांवों में रहती है, उन्हें जीविका के लिए कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है , इसी बात को रख ध्यान में रखकर सरकार राज्य में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा दे रही है जिससे ग्रामीण युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार से जोड़कर उनकी आय बढ़ायी जा सके।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY