देश की खबरें | सिक्किम के मंत्री ने शीर्ष अदालत की टिप्पणी पर राज्य के रूख के विरोध में अपने पद से इस्तीफा दिया

गंगटोक, दो फरवरी सिक्किम के स्वास्थ्य मंत्री मणि कुमार शर्मा ने उच्चतम न्यायायल की टिप्पणी से राज्य सरकार द्वारा सही से नहीं निपटने के विरोध में बृहस्पतिवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

शीर्ष अदालत ने 13 जनवरी को कहा था कि सिक्कमी नेपाली समुदाय प्रवासी हैं।

मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग को भेजे त्यागपत्र में शर्मा ने कहा कि ‘‘राज्य सरकार ने सिक्कमी लोगों की भावना को गंभीरता से नहीं लिया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ मैं समझता हूं कि राज्यमंत्रिमंडल में अब और बने रहने की जरूरत नहीं है।’’

उन्होंने तमांग से उनका त्यागपत्र तत्काल प्रभाव से स्वीकार करने की अपील की।

फिलहाल यह पता नहीं चला है कि इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है या नहीं।

शीर्ष अदालत ने जातीय लाइन से इतर सभी पुराने निवासियों को आयकर छूट देते हुए 13 जनवरी को कहा था कि सिक्कमी नेपाली समुदाय प्रवासी है। इस टिप्पणी से राज्य की राजनीति में तूफान आ गया तथा सभ्य समाज के सभी वर्ग बहुत असंतुष्ट हैं।

शीर्ष अदालत ने एसोसिएशन ऑफ ओल्ड सेटलर्स ऑफ सिक्किम की याचिका पर फैसला सुनाते हुए यह टिप्पणी की थी। एसोसिएशन ने उन सभी के लिए आयकर से छूट की मांग की थी जो सिक्किम के भारत संघ में 26 अप्रैल,1975 के विलय से पहले राज्य में बस गये थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)