विदेश की खबरें | ऑस्ट्रेलिया में सिख रेस्तरां मालिक को नस्ली तौर पर निशाना बनाया गया: रिपोर्ट
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

मेलबर्न, 16 नवंबर ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले एक सिख व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि हाल के महीनों में उन्हें कई बार नस्ली रूप से निशाना बनाया गया है, उन्हें ‘‘स्वदेश लौटने’’ के लिए कहा गया है और उनकी कार पर कुत्ते का मल फेंका गया है।

‘ऑस्ट्रेलियन ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन’ की खबर के अनुसार, तस्मानिया के होबार्ट में एक रेस्तरां चलाने वाले जरनैल सिंह ने कहा कि उन्हें पिछले दो या तीन महीनों से लगातार निशाना बनाया जा रहा है।

सिंह के हवाले से खबर में कहा गया, ‘‘मेरे साथ ऐसा पहले कभी नहीं हुआ और पिछले दो-तीन महीनों से यह लगातार हो रहा है।’’

सिंह ने मंगलवार को ‘एबीसी न्यूज’ से कहा, ‘‘जब बात आपके घर की आती है और विशेष रूप से जब आपका नाम लेकर (निशाना बनाया जा रहा हो) तो यह बहुत बड़ा मानसिक तनाव हो जाता है। कुछ तो किया जाना चाहिए।’’

सिंह ने कहा कि सबसे पहली उनके घर के बाहर, उनकी कार के दरवाजे के हैंडल पर लगातार चार या पांच दिन तक कुत्ते का मल डाल दिया गया।

खबर के अनुसार उन्होंने रास्ते में दीवारों पर नस्लवादी चित्र देखे, जिसमें उनसे कहा गया था, ‘‘स्वदेश जाओ, भारतीय।’’

खबर के अनुसार सिंह ने पुलिस को मामले की सूचना दी लेकिन वीडियो सबूत के बिना, यह पता लगाने के लिए बहुत कम प्रयास किये गये कि इसके लिए कौन जिम्मेदार है।

सिंह लगभग 15 वर्ष तक ऑस्ट्रेलिया में रहे हैं, जिनमें से 10 साल तस्मानिया में रहे हैं।

तस्मानिया पुलिस कमांडर जेसन एल्मर ने एक बयान में कहा कि घटनाओं की सूचना पुलिस को दी गई है और जांच की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)