देश की खबरें | श्याम भरतिया ने यौन उत्पीड़न के आरोप खारिज किए, कहा-जांच में सहयोग करेंगे

नयी दिल्ली, 25 फरवरी जुबिलेंट भरतिया समूह के चेयरमैन श्याम एस भरतिया ने अपने ऊपर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि वह मामले की जांच में पुलिस के साथ सहयोग करेंगे। जुबिलेंट फूडवर्क्स लिमिटेड (जेएफएल) की ओर से मंगलवार को शेयर बाजार को दी गई सूचना में यह बात कही गई है।

सूचना के मुताबिक, भरतिया ने प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों को “झूठा, बेबुनियाद और अपमानजनक” करार देते हुए कहा कि ये आरोप “उनके खिलाफ स्पष्ट रूप से दुर्भावनापूर्ण इरादे से लगाए गए हैं।”

मीडिया के एक वर्ग के अनुसार, एक बॉलीवुड अभिनेत्री (जिसका नाम उजागर नहीं किया गया है) ने भरतिया और उनके एक सहयोगी के खिलाफ बलात्कार और धोखाधड़ी के आरोप लगाए हैं।

जेएफएल ने कहा, “... कंपनी को जुबिलेंट भरतिया समूह के चेयरमैन श्री श्याम एस भारतीय से एक बयान प्राप्त हुआ है, जिसमें उन्होंने सभी आरोपों को बेबुनियाद, झूठा और अपमानजनक बताते हुए उन्हें खारिज किया है और कहा है कि ये आरोप उनके खिलाफ स्पष्ट रूप से दुर्भावनापूर्ण इरादे से लगाए गए हैं।”

कंपनी ने कहा कि बंबई उच्च न्यायालय के आदेश में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि पुलिस मामले के गुण-दोष के आधार पर उसकी जांच करेगी।

जेएफएल के अनुसार, उच्च न्यायालय ने अपने आदेश में यह भी स्पष्ट किया है कि उसने किसी भी तरह से शिकायत के गुण-दोष पर गौर नहीं किया है।

कंपनी ने कहा, “एक सम्मानित नागरिक के रूप में श्याम एस भरतिया जांच एजेंसी के साथ पूरा सहयोग करेंगे, जब भी ऐसा करने के लिए कहा जाएगा। चूंकि, इस मामले में जांच जारी है, इसलिए इस स्तर पर कोई अतिरिक्त टिप्पणी नहीं की जा सकती।”

उसने कहा कि भरतिया ने अपने परिवार की निजता का सम्मान करने का अनुरोध किया है।

जेएफएल ने कहा कि इन आरोपों से कंपनी या उसके परिचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)