देश की खबरें | श्रद्धा हत्याकांड: आवाज का नमूना रिकॉर्ड करने के लिए पूनावाला को सीएफएसएल लैब ले जाया गया

नयी दिल्ली, 26 दिसंबर श्रद्धा हत्याकांड मामले में आरोपी आफताब अमीन पूनावाला को उसकी आवाज का नमूना रिकॉर्ड करने के लिए सोमवार को यहां केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (सीएफएसएल) ले जाया गया।

सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान पुलिस के सामने एक ऑडियो क्लिप आया था जिसमें वह (पूनावाला) श्रद्धा के साथ कथित तौर पर झगड़ा करते सुना गया था।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में तिहाड़ जेल में बंद आरोपी को उसकी आवाज का नमूना रिकॉर्ड कराने के लिए सीएफएसएल ले जाया गया ताकि यह देखा जा सके कि उसकी आवाज क्लिप में मौजूद पुरुष के आवाज से मेल खाती है या नहीं।

घटनाक्रम से जुड़े एक सूत्र ने बताया, ‘‘हमें एक पुराना ऑडियो क्लिप मिला है जिसमें पूनावाला को वाकर के साथ तीखी बहस करते हुए सुना जा सकता है। यह एक पुरानी क्लिप है, लेकिन मामले के संबंध में महत्वपूर्ण सबूत साबित हो सकती है।’’

सूत्र ने कहा, ‘‘पूनावाला को सीएफएसएल ले जाया गया जहां उनकी आवाज का नमूना रिकॉर्ड किया गया और यह पता लगाने के लिए कथित ऑडियो क्लिप के साथ उसका मिलान किया जाएगा कि क्या कथित ऑडियो में आवाज पूनावाला की थी।’’

सूत्र ने कहा, ‘‘इससे हमें यह समझने में मदद मिलेगी कि दोनों के बीच किस तरह के संबंध थे और इससे इस घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में हमें मदद मिलेगी।’’

उनके मुताबिक, पूनावाला पूर्वाह्न करीब 11 बजे सीएफएसएल कार्यालय पहुंचा और वहां अपनी आवाज का नमूना रिकॉर्ड कराने के बाद अपराह्न करीब तीन बजे वहां से तिहाड़ के लिए रवाना हुआ। उनके मुताबिक इसके लिए दिल्ली पुलिस ने शहर की एक अदालत से अनुमति मांगी थी।

सूत्रों ने यह भी कहा कि जांच दल को पूनावाला और श्रद्धा वालकर का एक कथित वीडियो भी मिला है जिसमें पूनावाला कथित तौर पर काउंसलिंग लेते देखा जा सकता है। यह कथित वीडियो मुंबई में शूट किया गया था।

सूत्र ने कहा, ‘‘हम कथित वीडियो की सत्यता की भी जांच कर रहे हैं और इस संबंध में पूनावाला से पूछताछ करेंगे, क्योंकि जांच अभी चल रही है।’’

उन्होंने कहा कि लिहाजा जांच टीम पूनावाला का ‘फेस रिकॉग्निशन टेस्ट’ कराने की भी तैयारी में है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया के दौरान पूनावाला की 3डी तस्वीर ली जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसा यह सुनिश्चित करने के लिए किया जा रहा है कि वह कथित वीडियो में अपनी मौजूदगी से इनकार नहीं कर सके।

आफताब पूनावाला (28) ने अपनी लिव-इन पार्टनर श्रद्धा वालकर की कथित तौर पर हत्या करके उसके शव के 35 टुकड़े कर दिए थे और उन्हें राष्ट्रीय राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में फेंक दिया था। पूनावाला ने शव के टुकड़ों को शहर के विभिन्न हिस्सों में फेंकने से पहले उन्हें 300 लीटर के एक फ्रिज में रखा था। पूनावाला को 12 नवंबर को गिरफ्तार किया गया था।

दिल्ली की एक अदालत ने शुक्रवार को पूनावाला की न्यायिक हिरासत और 14 दिन के लिए बढ़ा दी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)