नयी दिल्ली, दो सितंबर अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ)ने शनिवार को सीनियर पुरुष टीम के मुख्य कोच इगोर स्टिमक को अनुबंध के उल्लंघन के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया।
इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के कुछ क्लब एशियाई खेलों, विश्व कप क्वालीफायर और एशियाई कप की तैयारी के लिए राष्ट्रीय शिविर के लिए अपने खिलाड़ियों को ‘रिलीज’ नहीं करना चाहते जिससे स्टिमक ने इन क्लबों की आलोचना की। ।
स्टिमक ने कहा कि अगर भारतीय फुटबॉल को उनकी मदद की जरूरत है तो उन्हें सच बताना ही होगा।
क्रोएशिया के पूर्व डिफेंडर की खुलकर की गयी यह टिप्पणी एआईएफएफ के अधिकारियों को पंसद नहीं आयी और उन्होंने कोच से इसका जवाब मांगा है।
एआईएफएफ के एक करीबी सूत्र ने पीटीआई से कहा, ‘‘यह महज हाल की टिप्पणी के बारे में नहीं है बल्कि ऐसा पिछले कुछ समय से हो रहा है। वह एआईएफएफ के साथ अपने अनुबंध की शर्तों का उल्लघंन कर रहे हैं। अगर उन्हें कोई परेशानी है तो वह सार्वजनिक टिप्पणी के बजाय महासंघ से सीधे इस पर चर्चा कर सकते थे। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘देखते हैं कि वह अपने जवाब में क्या लिखते हैं। इसके बाद ही महासंघ फैसला कर सकता है कि इस मामले से कैसे निपटा जाये। ’’
स्टिमक ने कहा था कि अगर उन्हें कहा जाता है कि ‘चीजें नहीं बदलेंगी’ तो उन्हें स्वदेश रवाना होने में कोई आपत्ति नहीं होगी।
स्टिमक ने यह टिप्पणी तब की जब भारतीय टीम सात सितंबर से थाईलैंड में शुरु हो रहे चार दिवसीय किंग्स कप टूर्नामेंट की तैयारी कर रही है।
इसके बाद चीन में एशियाई अंडर-23 क्वालीफायर होंगे और फिर टीम 19 सितंबर से शुरु होने वाले एशियाड में भी हिस्सा लेगी।
अक्टूबर में भारत मर्डेका कप खेलेगा जबकि नवंबर में 2026 विश्व कप और एशियाई कप के संयुक्त क्वालीफायर होंगे और एशियाई कप जनवरी में खेला जायेगा।
हाल में अंडर-23 खिलाड़ियों के शिविर के लिए शुरु में 28 में से केवल 12 खिलाड़ी ही पहुंचे थे। क्लबों ने खिलाड़ियों को ‘रिलीज’ करने से इनकार कर दिया था जिससे एक बार यह शिविर स्थगित भी हुआ था।
ईस्ट बंगाल, केरला ब्लास्टर्स, मुंबई सिटी, जमशेदपुर एफसी, पंजाब एफसी और ओडिशा एफसी ने शिविर के लिए अपने खिलाड़ियों को नहीं भेजा था जिससे टीम प्रबंधन के सामने मुश्किल खड़ी हो गयी थी और स्टिमक इससे नाराज थे।
अगस्त में भी स्टिमक ने क्लबों से चुने हुए खिलाड़ियों को विश्व कप क्वालीफायर और एएफसी एशियाई कप से पहले तैयारी शिविर के लिए ‘रिलीज’ करने का अनुरोध किया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY