देश की खबरें | असम सरकार के कार्यक्रमों में सड़क सुरक्षा पर लघु नाटक प्रस्तुत किया जाएगा : मुख्यमंत्री शर्मा

गुवाहाटी, 27 जून असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को लेकर जागरूकता पैदा करने और दुर्घटनाओं की संख्या कम करने के उद्देश्य से राज्य सरकार के प्रत्येक समारोह में सड़क सुरक्षा उपायों पर एक लघु नाटक का मंचन किया जाएगा।

शर्मा ने सुरक्षित ड्राइविंग के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए लोगों, विशेषकर युवाओं तक पहुंचने के लिए सोशल मीडिया के उपयोग का भी निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने सड़क सुरक्षा पर एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए इस विषय (सड़क सुरक्षा) पर प्रत्येक सरकारी समारोह में तीन मिनट के नाटक का मंचन करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में एक समान दृष्टिकोण अपनाया था, जो कन्या भ्रूण हत्या पर केंद्रित था और इसके सकारात्मक परिणाम मिले।

शर्मा ने कहा, “जब मोदी जी गुजरात के मुख्यमंत्री थे तब उन्होंने इस विषय पर हर सरकारी समारोह में तीन मिनट के नाटक का मंचन कराने का विचार रखा था। उन्होंने मुझे बताया था कि इसके सकारात्मक परिणाम मिले।” उन्होंने कहा, “अभिनंदन और दीप प्रज्वलन में समय बर्बाद करने के बजाय सड़क दुर्घटना पीड़ितों के परिवारों पर क्या प्रभाव पड़ता है, हम इस पर तीन मिनट के नाटक का मंचन कर सकते हैं।”

उन्होंने सांस्कृतिक मामलों के विभाग से नाटक तैयार करने के लिए कहा, जिसे राज्यभर में मंचित किया जाएगा तथा इसका पहला मंचन इस महीने के अंत में मुख्यमंत्री के एक कार्यक्रम के दौरान किया जाएगा।

राज्य में 2022 में सड़क दुर्घटनाओं में 2,994 लोगों की जान गई, और यह आंकड़ा पूर्वोत्तर राज्यों में सबसे अधिक है। पिछले साल सड़क दुर्घटना में होने वाली मौतों की अखिल भारतीय सूची में असम 18वें स्थान पर था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)