मुंबई, सात सितंबर शिवसेना विधायक प्रताप सरनाइक ने अभिनेत्री कंगना रनौत के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए महाराष्ट्र विधानसभा में सोमवार को सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किए जाने की मांग की।
विधायक ने आरोप लगाया है कि अभिनेत्री ने अपने ट्वीट से महाराष्ट्र और मुंबई की छवि "खराब" की है।
सरनाइक ने संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने अपनी मांग के सिलसिले में एक पत्र विधानसभा के उपाध्यक्ष नरहरि झिरवाल को सौंपा है ‘‘जिन्होंने राज्य के गृह मंत्री अनिल देशमुख को 24 घंटे के भीतर आवश्यक कार्रवाई करने तथा एक रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है।’’
विधायक ने दावा किया कि अभिनेत्री ने मुंबई की तुलना "तालिबान" से भी की थी।
यह भी पढ़े | कुशीनगर: टीचर की गोली मारकर हत्या, गुस्साई भीड़ ने आरोपी को पीटा, हुई मौत.
उन्होंने कहा कि नागरिकों, राजनीतिक नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं जैसे विभिन्न वर्गों में कंगना की टिप्पणी से नाराजगी है।
विधायक ने अपने पत्र में लिखा है, ‘‘मेरे जैसे निर्वाचित प्रतिनिधि इस बात से दुखी हैं कि दूसरे राज्य की एक लड़की अभिनेत्री बनने के लिए मुंबई आती है, यहाँ नाम और शोहरत कमाती है तथा बदले में वह शहर की छवि खराब करती है। लेकिन इसके बाद भी अभिनेत्री के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाती है।’’
उन्होंने कहा, "विधानसभा को सर्वसम्मति से कंगना के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग का प्रस्ताव पारित करना चाहिए।"
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कंगना रनौत को वाई-प्लस श्रेणी की सुरक्षा उपलब्ध कराई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY