देश की खबरें | शुभेंदु अधिकारी के पिता शिशिर अधिकारी भी भाजपा में होंगे शामिल

कांठी (पश्चिम बंगाल), 21 मार्च तृणमूल कांग्रेस के असंतुष्ट सांसद शिशिर अधिकारी ने कई सप्ताह तक चली अटकलों को विराम देते हुए रविवार को कहा कि वह भाजपा में शामिल होंगे।

इससे पहले उनके दो बेटे शुभेंदु और सौमेंदु भाजपा का दामन थाम चुके हैं।

शिशिर ने कहा कि वह “मिदनापुर के सम्मान को बचाने के लिए” ममता बनर्जी की पार्टी को कड़ी टक्कर देंगे।

अधिकारी परिवार का बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले में खासा राजनीतिक दबदबा है।

शिशिर ने कहा कि उन्हें पार्टी छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा क्योंकि सत्ताधारी दल के नेताओं ने उनके पास अन्य कोई विकल्प नहीं छोड़ा था।

यह बयान देने से पहले भी शिशिर अधिकारी तृणमूल पर अपना अपमान करने का आरोप लगा चुके हैं।

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, “उन्होंने (तृणमूल नेताओं) मुझे भाजपा में शामिल होने के लिए मजबूर किया। उन्हें जो करना है वह करें और जो मैं कर सकता हूं मैं करूंगा।”

संवाददाताओं से बातचीत के बाद शिशिर एगरा की ओर रवाना हो गए जहां वह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रैली में शामिल होंगे।

उन्होंने दावा किया कि शुभेंदु अधिकारी नंदीग्राम सीट पर बड़े अंतर से जीत दर्ज करेंगे।

वहीं भाजपा के सूत्रों ने बताया कि शिशिर के एक और बेटे दिब्येंदु भी भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

दिब्येंदु अधिकारी तामलुक से तृणमूल के सांसद हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)