देश की खबरें | शिंदे ने कैबिनेट की पहली बैठक की अध्यक्षता की, महाराष्ट्र विधानमंडल का विशेष सत्र 2-3 जुलाई को

मुंबई, 30 जून महाराष्ट्र विधानमंडल का दो दिवसीय विशेष सत्र दो जुलाई से होगा।

अधिकारियों ने कहा कि एकनाथ शिंदे के राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभालने के बाद कैबिनेट की पहली बैठक में यह निर्णय लिया गया। उन्होंने बताया कि सत्र के पहले दिन विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होगा।

सूत्रों ने कहा कि सत्र के दौरान विश्वास मत भी होने की संभावना है, हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

शिंदे ने बैठक में अधिकारियों से कहा कि विकास परियोजनाओं में तेजी लाने की जरूरत है।

आधिकारिक बयान में शिंदे के हवाले से कहा गया कि निर्वाचित प्रतिनिधियों और प्रशासन को एक-दूसरे के सहयोग से काम करने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमें नागरिकों के विश्वास पर खरा उतरने की जरूरत है।’’

शिंदे ने यह भी कहा कि कैबिनेट में उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस जैसे अनुभवी नेता होने से उनके प्रशासन को मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मेट्रो और समृद्धि एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं में तेजी लाई जानी चाहिए।’’

बयान में कहा गया है कि फडणवीस ने नौकरशाही से प्रशासनिक फैसलों में तेजी लाने को कहा।

मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने राज्य में चल रहे बुवाई कार्यों का भी जायजा लिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)