वाराणसी (उप्र), 29 जुलाई वाराणसी के दोषीपुरा इलाके में शनिवार को मुहर्रम के दौरान शिया और सुन्नी समुदाय के सदस्यों के बीच झड़प हुई जिसके बाद पथराव किया गया। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘जैतपुरा थाने के तहत दोषीपुरा इलाके में शिया और सुन्नी समुदायों के बीच मामूली झड़प के बाद पथराव हुआ। घटना में कुछ लोग घायल हो गए।’’
उन्होंने बताया कि घायलों में से एक व्यक्ति को इलाज के लिए काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मौके पर पहुंचे पुलिस आयुक्त अशोक मुथा जैन ने बताया, "दोषीपुरा इलाके में जैसे ही ताजिया जुलूस निकाला गया, शिया और सुन्नी समुदाय के लोग एक-दूसरे के आमने-सामने आ गए। दोनों तरफ से पथराव हुआ।"
उन्होंने बताया, ‘‘स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) के साथ भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस घटना के कारण का पता लगाने की कोशिश कर रही है और आरोपी व्यक्तियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।’’
जैतपुरा थाने के प्रभारी मथुरा राय ने बताया कि पथराव में कम से कम छह गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY