देश की खबरें | शरद पवार ने प्रधानमंत्री मोदी की मां के जल्द स्वस्थ होने की कामना की

मुंबई, 29 दिसंबर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर उनकी मां हीराबेन के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

हीराबेन (99) को स्वास्थ्य संबंधी कुछ परेशानियों के चलते बुधवार सुबह अहमदाबाद के ‘यू एन मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर’ में भर्ती कराया गया था। अस्पताल का कहना है कि उनकी हालत स्थिर है।

पवार ने कहा कि उन्हें पता है कि मोदी अपनी मां के कितने करीब हैं और इस बात को समझते हैं कि यह उनके जीवन का एक कठिन दौर है।

पवार ने प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में कहा, ‘‘ मुझे पता है कि आप अपनी मां के कितने करीब हैं और समझता हूं कि यह आपके जीवन का एक मुश्किल दौर है। मैं उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’

राकांपा के नेता ने कहा कि मां इस धरती पर सबसे दिव्य आत्मा होती है।

पवार ने पत्र में कहा, ‘‘ आपकी मां आपके जीवन में ऊर्जा का स्रोत रही हैं।’’

पवार ने कहा कि उन्होंने आपके जीवन को आकार देने में अहम भूमिका निभाई है।

प्रधानमंत्री मोदी के बड़े भाई सोमभाई मोदी ने बृहस्पतिवार को ‘पीटीआई-’ को बताया था कि उनकी मां हीराबेन की हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है और सुबह उन्होंने तरल आहार भी लिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)