गुवाहाटी, 23 मई केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बृहस्पतिवार को एक दिन के दौरे पर गुवाहाटी आएंगे और असम में अब तक के सबसे बड़े नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में शामिल होंगे।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को कहा कि शाह गुवाहाटी से करीब 20 किलोमीटर दूर चंगसारी में राष्ट्रीय न्यायालयिक विज्ञान विश्वविद्यालय की आधारशिला भी रखेंगे। यह देश में इस विश्वविद्यालय का नौवां परिसर होगा।
विश्वविद्यालय में दक्षिण पूर्व एशिया, भूटान, बांग्लादेश और नेपाल के वैज्ञानिकों को फॉरेंसिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
शर्मा ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अपनी यात्रा के दौरान 44,703 नियुक्ति पत्र भी बांटेंगे, जो राज्य में एक ही छत के नीचे नियुक्ति पत्र बांटने का अब तक का सबसे बड़ा समारोह होगा।
शर्मा ने 2021 के विधानसभा चुनाव से पहले वादा किया था कि सत्ता में आने के एक साल के भीतर एक लाख सरकारी नौकरी दी जाएंगी।
उन्होंने कहा कि सरकार एक अध्यादेश लाएगी ताकि सरकार की जरूरत के अनुसार किसी भी विभाग में नियुक्तियां हो सकें।
शर्मा ने कहा कि शाह शहर के खानापाड़ा इलाके में वेटरनेरी कॉलेज मैदान में एक कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘यह कोई जनसभा नहीं होगी। हम कार्यक्रम में शामिल होने के लिए केवल योग्य अभ्यर्थियों को आमंत्रित कर रहे हैं। हम कोई पंडाल नहीं लगा रहे, क्योंकि इस पर सरकार का बहुत पैसा खर्च होता है। लेकिन हम पेयजल आदि का बंदोबस्त करेंगे।’’
आरक्षण के तहत नौकरी पाने के लिए अभ्यर्थियों के फर्जी दिव्यांगता प्रमाणपत्र बनवाने के आरोपों पर शर्मा ने कहा कि इस तरह के अनेक मामलों में जांच चल रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY