देश की खबरें | शाह ने असम की बाढ़ की स्थिति पर मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा से की बातचीत

गुवाहाटी, छह जुलाई गृह मंत्री अमित शाह ने असम में बाढ़ की स्थिति पर शनिवार को मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा से बातचीत की और उन्होंने इस कठिन घड़ी में लोगों को हरसंभव सहायता देने का उन्हें आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने चिंता जताने और सहयोग का आश्वासन देने के लिये शाह को धन्यवाद दिया।

शाह ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘ भारी वर्षा के कारण असम में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गयी है। (मैंने) वर्तमान स्थिति के बारे में असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्माजी से बातचीत की।’’

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एडीआरएफ) युद्ध स्तर काम कर रहे हैं तथा प्रभावितों को राहत पहुंचा रहे हैं एवं उनका बचाव कर रहे हैं।

शाह ने कहा, ‘‘ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी असम के लोगों के साथ दृढ़ता से खड़े हैं तथा वह इस कठिन घड़ी में राज्य को हरसंभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’

पोस्ट का जवाब देते हुए शर्मा ने कहा, ‘‘ माननीय गृह मंत्री अमित शाह जी आपकी चिंता एवं समर्थन के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार इस चुनौती से उबरने के लिए हमें निरंतर सहयोग प्रदान कर रही है एवं मार्गदर्शन कर रही है।’’

असम भीषण बाढ़ की चपेट में है। राज्य के 30 जिलों में 24.50 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। बाढ़, तूफान और भूस्खलन के चलते राज्य में 64 लोगों की जान चली गयी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)