नयी दिल्ली, 15 सितंबर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) से संबद्ध स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) ने 22 सितंबर को होने वाले दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की अंतिम सूची शुक्रवार को घोषित कर दी।
एसएफआई ने अध्यक्ष पद के लिए आरिफ सिद्दीकी, उपाध्यक्ष पद के लिए अंकित, सचिव पद के लिए अदिति त्यागी और संयुक्त सचिव पद के लिए निष्ठा सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है।
एसएफआई की दिल्ली इकाई के सचिव मयंक ने कहा, ‘‘हमारा पैनल विश्वविद्यालय की विविध जनसांख्यिकी को दर्शाता है, खासकर हाशिये पर रहने वाले वर्ग के छात्रों को, जबकि अन्य संगठन समृद्ध और शक्तिशाली पृष्ठभूमि से आने वाले उम्मीदवारों को चुन रहे हैं। हमारे पैनल का लक्ष्य धार्मिक अल्पसंख्यकों, दलितों और छात्राओं को प्रोत्साहित करना है।’’
माकपा समर्थित संगठन ने कहा कि उसके उम्मीदवार चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम, डिजिटल विभाजन, आंतरिक मूल्यांकन योजना और छात्रों को आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाली स्थितियों के खिलाफ आंदोलनों का नेतृत्व करते रहे हैं।
एक अन्य वामपंथी छात्र संगठन ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) ने बुधवार को अपने उम्मीदवारों की अंतिम सूची की घोषणा की।
आइसा से अध्यक्ष पद के लिए आयशा अहमद खान, उपाध्यक्ष पद के लिए अनुष्का चौधरी, सचिव पद के लिए आदित्य प्रताप सिंह और संयुक्त सचिव पद के लिए अंजलि कुमारी चुनाव लड़ रही हैं।
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) के चुनाव चार साल के अंतराल के बाद 22 सितंबर को होंगे। पिछला चुनाव 2019 में हुआ था।
कोविड-19 के कारण 2020 और 2021 में छात्र संघ चुनाव नहीं हो सके थे, जबकि शैक्षणिक कैलेंडर में संभावित व्यवधान के कारण 2022 में चुनाव नहीं हो सका।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY