देश की खबरें | यमुना में सीवेज का प्रवाह दो साल में रोक दिया जाएगा, दिसंबर 2027 तक नदी साफ हो जाएगी: अधिकारी

नयी दिल्ली, 17 फरवरी दिल्ली सरकार अगले दो वर्षों में यमुना में सीवेज और औद्योगिक अपशिष्टों के प्रवाह को पूरी तरह से रोकने और दिसंबर 2027 तक नदी को साफ करने के लिए शहर के सभी सीवेज उपचार संयंत्रों को पूरी तरह कार्यात्मक बना देगी, जिनमें छह नए सीवेज उपचार संयंत्र स्थापित किए जा रहे हैं। अतिरिक्त मुख्य सचिव नवीन चौधरी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

यमुना की सफाई के कार्य का निरीक्षण करने के लिए आए (जो सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के प्रभारी हैं) चौधरी ने कहा कि तीन वर्षों में नदी की सफाई के लिए उच्चतम स्तर पर प्रतिबद्धता व्यक्त की गई है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में यमुना का पूरा 57 किलोमीटर लंबा हिस्सा साफ किया जाएगा।

चौधरी ने कहा कि नदी को साफ करने के लिए तीन-चार चीजों को सुनिश्चित करने की जरूरत है जिनमें कचरा और खरपतवार को हटाना तथा पूरी तरह कार्यात्मक सीवेज उपचार संयंत्रों (एसटीपी) के माध्यम से अनुपचारित सीवेज और औद्योगिक अपशिष्टों के प्रवाह को रोकना शामिल है।

अतिरिक्त मुख्य सचिव ने चेतावनी दी, "यमुना में अनुपचारित अपशिष्ट छोड़ने वाली औद्योगिक इकाइयों को बंद करना होगा।"

उन्होंने कहा कि यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि औद्योगिक क्षेत्रों में सामान्य अपशिष्ट उपचार संयंत्र (सीईटीपी) ठीक से काम कर रहे हों।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)