देश की खबरें | माली में फंसे झारखंड के 33 श्रमिकों में से सात को वापस लाया गया

रांची, पांच फरवरी झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आदेश के बाद पश्चिम अफ्रीकी देश माली में फंसे गिरिडीह और हजारीबाग के 33 श्रमिकों में से सात श्रमिकों की इस सप्ताह झारखंड वापसी हुई जबकि शेष बचे श्रमिकों को भी स्वदेश वापस लाने की व्यवस्था की जा रही है।

वापस लाए गए श्रमिकों में दिलीप कुमार, छेदीलाल महतो, संतोष महतो, लालमणि महतो, इन्द्रदेव ठाकुर, लोकनाथ महतो और इन्द्रदेव प्रसाद शामिल हैं।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया है कि माली में फंसे इन सात श्रमिकों के दल की वापसी के बाद श्रमिकों के दूसरे समूह के रविवार को माली से रवाना होने की संभावना है।

विज्ञप्ति में बताया गया है कि जनवरी 2022 में सोशल मीडिया के माध्यम से श्रमिकों ने अपनी स्थिति से झारखंड के मुख्यमंत्री और श्रम मंत्री को अवगत कराया था।

श्रमिकों ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे सभी वर्ष 2021 से कल्पतरु पावर ट्रांसमिशन लिमिटेड में फिटर के रूप में कार्यरत हैं तथा ठेकेदार ने उनका पासपोर्ट जब्त कर रखा है और वह भारत वापस जा चुका है। श्रमिकों ने यह भी बताया कि करीब तीन महीने से उन्हें वेतन नहीं मिला और उनके पास दो दिन का भोजन ही बचा था।

विज्ञप्ति के अनुसार, मामले पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष को श्रमिकों की सुरक्षित वापसी का आदेश दिया था, जिसके बाद नियंत्रण कक्ष द्वारा कंपनी के अधिकारियों से संपर्क कर उन्हें श्रमिकों की समस्या से अवगत कराते हुए उनके खाने की उचित व्यवस्था और वेतन का भुगतान करने को कहा गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)